अजीब दहशत, सोते समय काटे जा रहे महिलाओं के बाल
इन घटनाओं के बाद से यहां ग्रामीणों में इतना खौफ है कि लोग घर पर तंत्र-मंत्र करवा रहे हैं। इसके बाद से लोग रात में पहरा लगा रहे हैं।
जयपुर। राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों अजीब दहशत फैली हुई है। यहां रात में घर के बाहर सो रही महिलाओं और लड़कियों के बाल काटे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि ऐसा तंत्र-मंत्र करने के लिए किया जा रहा है।बुधवार रात जोधपुर के तिंवरी में नट बस्ती में सो रही एक महिला के बाल काट लिए गए। इसके बाद से इस पूरे इलाके में दहशत बनी हुई है।
इससे पहले जोधपुर के फलौदी में मंगलवार आधी रात को मलार रोड पुलिया के पास रहने वाले एक बच्ची के बाल काटे गए थे। परिजन के मुताबिक, आधी रात को उनकी 13 वर्षीय बच्ची की रोने की आवाज आई। जब उससे पूछा गया तो उसने बताया कि कोई उसके बाल काट रहा है।
परिजन ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को भी दी है। लड़की की नाभि पर भी त्रिशूल और चोट के निशान हैं। इसी तरह की घटनाएं चिमाणा, चाखू, रियां और बेदू गांव में भी सामने आई हैं। इससे पहले बीकानेर में भी ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यहां के नोखा, राइसर, नापासर, गिगाला, बीठनोक, हिंयादेसर, बज्जू सहित अनेक गांवों में रात में नींद के दौरान कोई व्यक्ति महिलाओं और लड़कियों के बाल-नाखून काट रहा है। साथ ही, पेट पर कई प्रकार के निशान बनाने की बातें भी सामने आई।
इन घटनाओं के बाद से यहां ग्रामीणों में इतना खौफ है कि लोग घर पर तंत्र-मंत्र करवा रहे हैं। इसके बाद से लोग रात में पहरा लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर, महिलाओं के बाल और नाखुन काटने वाले शख्स का मकसद क्या है।
यह भी पढ़ें: आरक्षण की मांग को लेकर जाटों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा किया