6 लोगों का शिकार करने वाला पकड़ा गया आदमखोर पैंथर
सरिस्का अभ्यारण्य के आदमखोर माने जा रहे पैंथर को छह दिन की मशक्कत के बाद आखिरकार पकड़ ही लिया गया।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का अभ्यारण्य के आदमखोर माने जा रहे पैंथर को छह दिन की मशक्कत के बाद आखिरकार पकड़ ही लिया गया। लगातार 6 लोगों का शिकार करने वाले इस आदमखोर पैंथर को पकडऩे के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने करीब एक सौ लोगों की टीम के साथ अभ्यारण्य के पास डेरा डाले रखा।
राज्य के वन मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर स्वंय इसको पकडऩे की कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे थे। काफी लम्बी मशक्कत के बाद सरिस्का से सटे गोपालपुरा गांव के पास जंगल में यह आदमखोर पैंथर पिंजरे में फंस गया। पैंथर को पकडऩे के लिए कई पिंजरे रखे गए थे,जिनमें बकरे भी छोड़े गए थे। पकड़े गए पैंथर को जयपुर चिडियाघर भेज दिया गया।