सिद्धू मर्डर केस में फंसे थे, तब भी भाजपा साथ थी : शाहनवाज
भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का कहना है कि नवजोत सिंह सिद्धू का भाजपा का साथ छोडऩा गलत है। उन्हें पार्टी ने पूरा मान-सम्मान दिया, हमेशा साथ रखा।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का कहना है कि नवजोत सिंह सिद्धू का भाजपा का साथ छोडऩा गलत है। उन्हें पार्टी ने पूरा मान-सम्मान दिया, हमेशा साथ रखा। तब भी जब वे मर्डर में फंसे थे, पार्टी ने साथ नहीं छोड़ा।
बुधवार को भरतपुर में पत्रकार वार्ता में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सिद्धू को इतना सम्मान पार्टी ने दिया कि उन्हें कई बार सांसद बनाया। इसके बावजूद वे साथ छोड़कर चले गए। हुसैन ने कहा, पाकिस्तान जिन आतंकियों का समर्थन कर रहा है, उन्हें हम बता दें कि आतंकियों की गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को कब समझ आएगी, पता नहीं। अपनी हरकतों से पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा है। रही बात कश्मीर की तो वहां के हालात नियंत्रण में है। पाकिस्तान ही कश्मीर में अशांति का वातावरण बना रहा है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी को पूरे देश और आरएसएस से माफी मांगनी चाहिए। आरएसएस देशभक्तों का संगठन हैँ। वहां देशभक्ति का पाठ पढ़ाया जाता है।