राजस्थान गर्मी की चपेट में, बॉर्डर पर 53 डिग्री तापमान में तैनात जवान
भीषण गर्मी ने राजस्थान को झुलसा दिया है। राजस्थान के तीन जिलों में गर्मी ने पिछले सौ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, वहीं राजधानी जयपुर में 84 वर्षों बाद लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म दिन रहा। पाकिस्तान सीमा से सटे चौकी पर तापमान 53 डिग्री तक पहुंच गया।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। भीषण गर्मी ने राजस्थान को झुलसा दिया है। राजस्थान के तीन जिलों में गर्मी ने पिछले सौ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, वहीं राजधानी जयपुर में 84 वर्षों बाद लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म दिन रहा। भारत-पाकिस्तान सीमा पर गर्मी ने अब तक के समस्त रिकॉर्ड तोड़ दिए। सीमा पर अधिकतम तापमान 52 डिग्री पहुंचा। खुले आसमान के नीचे 24 घंटे मुस्तैद रहने वाले जवानों के बुरे हाल है।
पाकिस्तान सीमा से सटे शाहगढ़, बल्ज क्षेत्र में 194वीं वाहिनी सीमा चौकी पर तो तापमान गुरुवार को दोपहर 53 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं कुछ क्षेत्रों में तापमान 52 डिग्री रहा।
एक तरफ जहां तापमान बढऩे से सीमा पर भीषण गर्मी का दौर चार दिन से लगातार जारी है, वहीं सुरक्षा चौकियों में ना तो पंखे हैं और ना ही कूलर है। जवानों को ठंडी जैकेट देने की योजना भी कागजों में सिमट गई। इन सबके बीच बीएसएफ के जवान सिर पर कॉटन का कपड़ा बांधकर ऊंटों पर बैठकर गश्त कर रहे है।
गर्मी से बचने के लिए जवान पानी की बोतल, प्याज, नींबू और ग्लूकोज के पैकेट हमेशा साथ रखते है। चौकियों को घास-फूस से ढक कर गर्मी से बचाव के प्रयास भी कर रहे है। इधर राज्य में गुरुवार को फलौदी और चूरू में 52 डिग्री, बीकानेर में 51 डिग्री, गंगानगर में 51 डिग्री, जयपुर में 46.9 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान 45 डिग्री से अधिक रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी तापमान का रूप ऐसा ही रहने की संभावना है।