यूपी, उत्तराखंड की जीत पर राजस्थान भाजपा में जश्न
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की जबरदस्त जीत के साथ ही राजस्थान भाजपा में जश्न मनाया गया।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की जबरदस्त जीत के साथ ही राजस्थान भाजपा में जश्न मनाया गया। जयपुर स्थित पार्टी मुख्यालय मुख्यमंत्री पहुंची वसुंधरा राजे ने जश्न के साथ कार्यकर्ताओं के सामने इसे पीएम नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जीत बताया। सीएम ने कार्यकर्ताओं के साथ मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह रुझान के आने के साथ ही जमकर आतिशबाजी शुरू कर दी, पूरी तरह से चुनाव परिणाम आने के बाद कार्यकर्ताओं ने रंगों की होली भी खेली। वसुंधरा राजे ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने यूपी और उत्तराखंड की जनता को बधाइयां दी हैं।
राजे ने कहा कि देश में भाजपा के एक कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा है। इसके चलते ये जीत मिली है। मोदी और अमित शाह की कड़ी मेहनत काम आई है। वसुंधरा राजे ने यूपी-उत्तराखंड की जीत के बाद अब मिशन राजस्थान है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्री अरूण चतुर्वेदी, सांसद रामचरण बोहरा सहित कई नेता और विधायक जश्न मेें शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि राज्य के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर, सुनील बंसल, राज्यसभा सांसद भूपेन्द्र यादव सहित कई नेता पिछले तीन माह से यूपी चुनाव की कमान संभाले हुए थे।
वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट सहित एक दर्जन नेता चुनाव अभियान में जुटे थे। गहलोत तो यूपी की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन थे।