अब करण जौहर से बयान से उफनी असहिष्णुता
फिल्मकार करन जौहर के असहिष्णुता पर विवादास्पद बयान से कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
जयपुर। फिल्मकार करन जौहर के असहिष्णुता पर विवादास्पद बयान से कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता खत्म हो गई है। जबकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भारत सबसे सहिष्णु देश है।
असहिष्णुता की बहस को एक बार फिर छेड़ते हुए फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने जयपुर के साहित्य महोत्सव में कहा था कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात करना इस दुनिया में सबसे बड़ा मजाक है। मेरे ख्याल से लोकतंत्र देश का दूसरा बड़ा मजाक है।
इस पर राजग सरकार पर प्रहार करते हुए कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि मोदी की सरकार बुद्धिजीवियों के खिलाफ है। ये स्वतंत्र विचार वालों के विरुद्ध हैं। इसलिए हर तरफ तनाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पिट्ठू अनुपम खेर को छोड़ कर सबको लगता है कि असहिष्णुता बढ़ी है।
वहीं, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारत की सहिष्णुता पर जो लोग सवाल उठा रहे हैं उन्हें देश की संस्कृति और परंपरा के बारे में जानकारी नहीं है। वह अनपढ़ लोग हैं। यह भी सही है कि जब चुनाव नजदीक होते हैं तो असहिष्णुता का मुद्दा उठा दिया जाता है। वहीं अनुपम खेर ने तंज करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में सब शांति थी। किसी को डर नहीं लगता था। हर कोई खुश था।