झारखंड पुलिस लड़की को रस्सियों से बांधकर अपने साथ ले गई
दहेज प्रताडऩा के आरोप में झारखंड की पुलिस टीम द्वारा राजस्थान के अलवर की एक लड़की को गिरफ्तारी के बाद रस्सियों से बांधने का मामला सामने आया है।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। दहेज प्रताडऩा के आरोप में झारखंड की पुलिस टीम द्वारा राजस्थान के अलवर की एक लड़की को गिरफ्तारी के बाद रस्सियों से बांधने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अलवर की बैंक कॉलोनी निवासी अपर्णा के साथ झारखंड पुलिस ने ऐसा व्यवहार किया।
अपर्णा की भाभी रचना झारखंड के आवला गांव की रहने वाली है और उसने अलवर स्थित अपने ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज प्रताडऩा एवं मारपीट का मामला दर्ज कराया है। इसी के चलते झारखंड पुलिस मंगलवार शाम को अलवर पहुंची तो अपर्णा का परिवार दहशत के कारण उसे घर पर छोड़कर भाग गया। इसी बीच अपर्णा डर के कारण पड़ोसी के घर पर चली गई। गुस्साई पुलिस टीम के सदस्य पड़ोसी के घर ही पहुंच गए और उसे पकड़ कर रस्सी से बांध दिया।
पुलिस ने अपर्णा को गिरफ्तार करने के बाद अलवर के ही एक अस्पताल में मेडिकल कराया। मेडिकल के बाद पुलिस ने फिर से अपर्णा को रस्सियों से बांधा और जीप में डालकर रेलवे स्टेशन ले गई और वहां से ट्रेन से झारखंड के लिए रवाना हो गई।