विदेशी जोड़े ने रेत के धोरों के बीच की शादी
विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र राजस्थान के रेतीले धोरों के लिए प्रसिद्ध जैसलमेर में एक विदेशी जोड़े ने भारतीय रीति रिवाज के अनुसार शादी की।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र राजस्थान के रेतीले धोरों के लिए प्रसिद्ध जैसलमेर में एक विदेशी जोड़े ने भारतीय रीति रिवाज के अनुसार शादी की। इस शादी में बाराती से लेकर वधू पक्ष के लोग सभी जैसलमेर के लोग थे।
जैसलमेर में शादी करने वाला जोड़ा है स्पेन निवासी अनदोनी (34) और इगोने (31), दोनों ने मंडप में सात फेरे लिए और पंडित ने मंत्र भी पढ़े।
दुल्हा अनदोनी स्थानीय परम्परा के अनुसार ऊंट पर सवार होकर दुल्हन इगोने से विवाह करने विवाह स्थल एक होटल में पहुंचा। दुल्हे ने कुर्ता-पायजामा और दुल्हन ने राजस्थानी साड़ी पहन रखी थी। यहां रात्रि भोज भी हुआ।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन सीजन में कई विदेशी पर्यटक जैसलमेर घूमने आते है और इसी तरह शादी करते है।