भाजपा के असंतुष्ट विधायक ने सदन में कहा, 'जा रहा हूं मैं'
सीएम वसुंधरा राजे से नाराज चल रहे विधायक घनश्याम तिवाड़ी की नाराजगी की वजह वित्त विनियोग विधेयक पर बहस में बोलने वालों में उनका नाम शामिल नहीं करने को बताया जा रहा है।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान विधानसभा में वित्त और विनियोग विधेयक पर बहस शुरू होने से पहले ही भाजपा के असंतुष्टï विधायक नाराज होकर सदन से चले गए। पिछले कुछ समय से सीएम वसुंधरा राजे से नाराज चल रहे विधायक घनश्याम तिवाड़ी की नाराजगी की वजह वित्त विनियोग विधेयक पर बहस में बोलने वालों में उनका नाम शामिल नहीं करने को बताया जा रहा है। विनियोग और वित्त विधेयक पर बहस की शुरुआत से पहले घनश्याम तिवाड़ी ने व्यवस्था का प्रश्न उठाया।
तिवाड़ी ने कहा कि वित्त और विनियोग विधेयक पर संशोधन नहीं दिए जा सकते। आज कई संशोधन स्वीकार किए गए हैं, यह तय नियम प्रक्रियाओं का उल्लंघन है।
तिवाड़ी ने कहा कि आज विधेयकों पर बोलने का अधिकार पार्टियों के सचेतक तय करते हैं। बाकी मामलों में भी जो अध्यक्ष से आई कॉन्टेक्ट रखे, उसे मौका मिलता है। आम विधायक को बोलने का अधिकार कहां रह गया।
तिवाड़ी ने उपाध्यक्ष से व्यवस्था देने की मांग की, इस पर संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़ बचाव में उतरे। राठौड़ ने कहा कि बोलने की प्रक्रिया तय है, एक व्यवस्था के हिसाब से बोलने का मौका दिया जाता है। राठौड़ ने तिवाड़ी से मुखातिब होते हुए कहा कि आप अगर वित्त विधेयक पर बोलना चाहते हैं तो आपको स्वागत है।
तिवाड़ी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, जैसा मेरा स्वागत हुआ है, वैसा किसी का नहीं हो। इस पर दोनों के बीच थोड़ी देर के लिए नोंकझोंक हुई। उपाध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया।
नाराज तिवाड़ी ने कहा, मैं जा रहा हूं और इस तरह तिवाड़ी सदन छोड़कर चले गए। तिवाड़ी के सदन से जाने के बाद कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि एक वरिष्ठ विधायक का अपमान हुआ है और उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा। इस पूरे घटनाक्रम से एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हो गई हैं।