दिग्विजय सक्रिय रहते तो मप्र. में कांग्रेस की ऐसी हालत नहीं होती : गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि मध्यप्रदेश में दिग्गी राजा सक्रिय रहते तो आज वहां कांग्रेस की यह हालत नहीं होती।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि मध्यप्रदेश में दिग्गी राजा सक्रिय रहते तो आज वहां कांग्रेस की यह हालत नहीं होती।
उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह ने पिछले सप्ताह राजस्थान यात्रा के दौरान कहा था कि गहलोत को युवाओं को मौका देन चाहिए और स्वयं देश की राजनीति में सक्रिय होना चाहिए। कोटा में मीडिया से गहलोत ने कहा कि दिग्विजय सिंह दस साल मुख्यमंत्री रहे। फिर संन्यास ले लिया। जो दस वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे। उसे ऐसा नहीं करना चाहिए। वे सक्रिय रहते तो वहां कांग्रेस निश्चित रूप से बेहतर स्थिति में होती।
गहलोत ने कहा कि मैं राजस्थान में सक्रिय हूं इसलिए यहां कांग्रेस आज मजबूत स्थिति में है। अभी जो हालत है उसे देखते हुए अगले चुनाव में हमारी सरकार जरूर बनेगी। पार्टी ने मुझे विधायक का टिकट दिया तो मैं यहां सक्रिय हूं। सांसद बनाया जाता तो मैं राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहता। यह पार्टी का निर्णय है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव सी.पी.जोशी और अशोक गहलोत के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसे देखते हुए दिग्विजय सिंह ने यह बयान दिया था।