कांग्रेस की भाजपा खेमे में सेंध, दो दिग्गज जाट नेता आज कांग्रेस में शामिल होंगे
कांग्रेस ने भाजपा खेमे में सेंध लगाते हुए राज्य के दो दिग्गज जाट नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुभाष महरिया एवं डॉ. हरिसिंह को अपने पक्ष में लिया है।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। दो वर्ष बाद होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों की दल अभी सक्रिय हो गए। कांग्रेस ने भाजपा खेमे में सेंध लगाते हुए राज्य के दो दिग्गज जाट नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुभाष महरिया एवं डॉ. हरिसिंह को अपने पक्ष में लिया है। सुभाष महरिया और महरिया के छोटे भाई एवं निर्दलीय विधायक नंदकिशोर महरिया भी कांग्रेस में जा रहे हैं। जाट नेता डॉ. हरिसिंह के साथ महरिया भी 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। नियमानुसार विधायक महरिया औपचारिक तौर पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण नहीं कर पाएंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी में शामिल होने से पहले दोनों नेताओं ने अपनी कोई शर्त नहीं रखी है। लेकिन, राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि महरिया की महत्वाकांक्षा सीकर से लोकसभा चुनाव लडऩे की है और कांग्रेस पार्टी ने इसका भरोसा दिया है। वहीं, हरिसिंह को राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्यसभा में पहुंचाने का वादा किया गया है। उधर, निर्दलीय विधायक नंदकिशोर महरिया को विधायक का टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, महरिया ने कहा कि हमारा कोई कमिटमेंट नहीं, बल्कि कांग्रेस में घर वापसी है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि जहां दूसरे प्रदेशों में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी को छोड़ रहे हैं। वहीं, राजस्थान में भाजपा से जुड़े दो पूर्व सांसदों का कांग्रेस में शामिल होना राजनीति में बड़ी घटना है। इसलिए, महरिया एवं हरिसिंह को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने का कार्यक्रम नई दिल्ली में रखा गया है, ताकि राष्टï्रीय मीडिया के माध्यम से देश में यह मैसेज पहुंचाया जा सके कि राजस्थान में कांग्रेस मजबूती से उभर रही है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट मानते हैं कि दोनों नेताओं के आने से पार्टी मजबूत होगी। इधर दो जाट नेताओं के कांग्रेस में शामिल होते देख मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरूवार को दिल्ली पहुंच रही है, वे वहां केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगी।