लड़कियों से आगे नहीं निकल सकते तो बराबर पर आएं : राज्यपाल
लड़कियों से आगे नहीं निकल सकें तो कम से कम बराबर तो आएं लड़के। यह बात राज्यपाल कल्याण सिंह ने गुरुवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कही।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। लड़कियों से आगे नहीं निकल सकें तो कम से कम बराबर तो आएं लड़के। यह बात राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने गुरुवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लड़कों से ज्यादा लड़कियों को गोल्ड मैडल देने पर कही। वे मैडल लेने वाले लड़के-लड़कियों के औसत को देखकर आश्चर्यचकित थे। 14 छात्रों और 37 छात्राओं को गोल्ड मैडल एवं साथ ही 519 छात्राओं को पीएचडी की उपाधि भी दी गई।
राज्यपाल ने शिक्षा को रोजागारोन्मुख बनाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा, शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जिससे रोजगार मिले।
विश्वविद्यालयों में खाली पदों पर उन्होंने कहा, रिक्त पद भरने में आ रही बाधाओं को कुलपतियों से चर्चा कर दूर किया जाएगा। उनके साथ उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ एवं कुलपति जेपी सिंघल भी मंच पर मौजूद थे।