राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुरू
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल शिवराज पाटिल के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया। अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। राज्यपाल ने अपने भाषण में अशोक गहलोत सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यो का बखान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यो का उल्लेख किया।
जैसे ही राज्यपाल ने सदन में अभिभाषण पढ़ना शुरू किया तो माकपा सदस्यों ने व्यवधान शुरू कर दिया। बाद में माकपा के अमराराम, पेमाराम, पवन दुग्गल, भाजपा के हनुमान बेनीवाल एवं पूर्व मंत्री गोलमा देवी ने वैल में आकर नारेबाजी की। बाद में ये सभी पांचों विधायक सदन से वाकआउट करके चले गए। ये सदस्य राज्य में पाले से खराब हुई फसलों के लिए किसानों को मुआवजा देने व उनके फसली कर्जे माफ करने की मांग कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि सरकार, शिक्षा, चिकित्सा सेवाओं को और कारगर बनाने पर जोर दे रही है। सरकार रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, शिशु-जननी सुरक्षा योजना का विशेष तौर पर उल्लेख किया। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में सूचना प्रौद्योगिकी का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जन अभियोग निराकरण योजना को कम्प्यूटरीकृत किया गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। राज्य का आम बजट 23 मार्च को पेश होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने इस कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। वे वित्त मंत्री भी है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बजट पेश करने के साथ ही दो माह के लिए लेखानुदान भी ले सकते हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर