राजस्थान के मंत्रियों की आज क्लास लेंगे अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को राजस्थान के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। अमित शाह बुधवार को रात नौ बजे बाद राज्यपाल की तरफ से दिए गए रात्रि भोज में शामिल होंगे।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को राजस्थान के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। दो वर्ष पूर्व राज्य सरकार के सत्ता में आने से पूर्व चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वायदों के क्रियान्वयन के साथ ही राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अमित शाह मंत्रियों के साथ संवाद करेंगे। संवाद का कार्यक्रम करीब चार बजे शुरू होगा, जो नौ बजे तक चलेगा।
ज्यादातर मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग का प्रजेंटेशन तैयार कर लिया है। करीब तीन घंटे तक मंत्रियों के साथ सामूहिक संवाद होगा उसके बाद वे अलग-अलग मुलाकात कर उनको आ रही समस्याओं और सरकार के खिलाफ वर्तमान माहौल को लेकर भी मंत्रियों से बातचीत कर सकते है। इस दौरान राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी मौजूद रहेंगे।
अमित शाह बुधवार को रात नौ बजे बाद राज्यपाल की तरफ से दिए गए रात्रि भोज में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम सी-स्कीम स्थित होटल में करेंगे। सात जनवरी को सुबह करीब सवा नौ बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।