फिर लौटेगी सर्दी, आज से मौसम में बदलाव की संभावना
राजधानी में छह दिन से लगातार चढ़ रहे पारे से बदले मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेशभर में छह दिन तक पारा तेज रहा, लेकिन अब सर्दी फिर से बढ़ने के आसार हैं।
जयपुर। राजधानी में छह दिन से लगातार चढ़ रहे पारे से बदले मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेशभर में छह दिन तक पारा तेज रहा, लेकिन अब सर्दी फिर से बढ़ने के आसार हैं। फतेहपुर में शनिवार को दिन का पारा 25 डिग्री के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक मौसम में बदलाव आने लगेगा। वहीं राजस्थान के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना भी है। जयपुर मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति रविवार तक रहेगी। इसके बाद सोमवार से तापमान में गिरावट आने लगेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ निकलने के बाद अमूमन मौसम में बदलाव होने लगता है।
शनिवार को भी बादलों का दबाव रहने से पारा एक डिग्री तक चढ़ गया। दोपहर में तेज धूप की वजह से सर्दी का असर कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को चूरू में अधिकतम 27.5 व न्यूनतम 8.1 तथा फतेहपुर में अधिकतम 24.7 व न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को चूरू में अधिकतम 26.0 व न्यूनतम 7.7 और फतेहपुर में अधिकतम 24.0 व 4.2 डिग्री था।