मोदी सरकार को हिंदू तालिबान बताने वाले को हटाएंगी वसुंधरा
मोदी सरकार को 'हिंदू तालिबान ' बताने वाले भारतीय मूल के ब्रिटिश मूर्तिकार अनीश कपूर राजस्थान सरकार की संस्था जवाहर कला केंद्र की गवर्निंग बॉडी के सदस्य भी हैं। वसुंधरा सरकार में उनकी नियुक्ति करीब महीने भर पहले हुई थी।
जयपुर [ब्यूरो]। मोदी सरकार को 'हिंदू तालिबान ' बताने वाले भारतीय मूल के ब्रिटिश मूर्तिकार अनीश कपूर राजस्थान सरकार की संस्था जवाहर कला केंद्र की गवर्निंग बॉडी के सदस्य भी हैं। वसुंधरा सरकार में उनकी नियुक्ति करीब महीने भर पहले हुई थी।
हाल ही में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन यात्रा पर गए तो कपूर ने द गार्जियन अखबार में लेख लिखकर वर्तमान केंद्र सरकार को भारत में हिंदू तालिबान शासन जैसा बताया। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को जब इस लेख की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए अनीश कपूर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
अनीश मूलत: मुंबई के रहने वाले हैं और ब्रिटेन के प्रख्यात मूर्तिकार हैं। स्कल्पचर आर्ट के क्षेत्र में अनीश दुनियाभर में प्रख्यात है। वह एक आपत्तिजनक मूर्ति बनाने को लेकर भी काफी विवाद में रह चुके हैं।
पूर्ववर्ती संप्रग सरकार ने वर्ष 2012 में अनीश को पद्मभूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया था। अनीश ने अपने लेख में ब्रिटेन के पीएम डेविड कैमरन को मोदी से किसी तरह का समझौता नहीं करने की भी सलाह दी थी।
उन्होंने लिखा कि भारत में हिंदू तालिबान तेजी से फैल रहा है। वहां अपनी बात खुल कर कहने पर जुल्म किए जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से असहिष्णुता के मुद्दों पर अवॉर्ड लौटाए गए हैं। हम अपनी जुबान बंद नहीं रख सकते। अनीश ने असहिष्णुता के मुद्दे पर मोदी का विरोध करने की नसीहत भी अपने लेख में दी थी।