शत्रुघ्न सिन्हा नहीं आए भाजपा कार्यालय
रोटरी क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जयपुर आए भाजपा सांसद और मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा दो दिन से शहर में है, लेकिन इस दौरान ना तो वे भाजपा कार्यालय गए और ना ही पार्टी नेताओं से मिले।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। रोटरी क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जयपुर आए भाजपा सांसद और मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा दो दिन से शहर में है, लेकिन इस दौरान ना तो वे भाजपा कार्यालय गए और ना ही पार्टी नेताओं से मिले। कुछ भाजपा कार्यकर्ता सिन्हा से मिलने होटल पहुंचे तो उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया।
पिछले कुछ दिनों से अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले सिन्हा शुक्रवार को जयपुर पहुंचे थे और शनिवार को रोटरी क्लब के कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने इन कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि सिन्हा निजी काम से जयपुर आए है। यह जरूरी नहीं कि वे पार्टी कार्यालय आएं। परनामी ने इस मामले को बिहार चुनाव से जोडऩे को भी गलत बताया।
उन्होंने कहा कि इस बात को चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। वे जिस काम से आए हैं, उसमें समय मिलेगा तो वे पार्टी कार्यालय निश्चित रूप से आएंगे। इससे पहले शुक्रवार को जयपुर पहुंचे सिन्हा ने पत्रकारों से कहा कि वे सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए है, इसलिए राजनीतिक बात नहीं बोलेंगे।