राजस्थान भाजपा ने एक बार फिर वसुंधरा में जताया विश्वास
राजस्थान भाजपा ने रविवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे में आस्था प्रकट करते हुए उनमें पूर्ण विश्वास जताया। राज्य भाजपा संगठन एवं विधायकों का कहना है कि वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही प्रदेश आगे बढ़ सकता है।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान भाजपा ने रविवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे में आस्था प्रकट करते हुए उनमें पूर्ण विश्वास जताया। राज्य भाजपा संगठन एवं विधायकों का कहना है कि वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही प्रदेश आगे बढ़ सकता है। रविवार को जयपुर में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव एवं नेताओं के भाषणों में वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ की गई। राज्य प्रभारी अविनाश राय खन्ना, राष्टï्रीय सह संगठन मंत्री वी. सतीश सहित पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, केन्द्रीय मंत्रियों, विधायकों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्यसमिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ की ओर से पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव में अपनी भाजपा सरकार की जमकर तारीफ की गई।
प्रस्ताव में कहा गया कि किस प्रकार सरकार बेहतर काम कर रही है। प्रस्ताव में कांग्रेस को भी जमकर कोसा गया। कहा गया कि कांग्रेस केवल विरोध करने के लिए भाजपा सरकार पर हमला बोल रही है, जबकि अब उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा। अपनी ही सरकार की तारीफों के कसीदे वाले इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।
बैठक में स्थानीय निकाय चुनाव की बैठक में 17 अगस्त को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। प्रत्येक क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त किए गए। पार्टी के महासंपर्क अभियान को ओर गति देने पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना को आगे बढ़ाने एवं प्रदेश भाजपा विधायक द्वारा रक्षा बंधन के दिन दस हजार महिलाओं को पार्टी से जोडऩे का कार्यक्रम भी तय किया गया।