कांग्रेस में वंशवाद के सवाल पर भड़के पायलट
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत में भाजपा और राजस्थान की वसुंधरा सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में वंशवाद के मीडिया के सवाल पर पायलट ने कहा कि लोगों को कांग्रेस में ही वंशवाद नजर आता है जबकि राजस्थान में मुख्यमंत्री के परिजन राजनीति में है, महाराष्ट्र में शिवसेना तथा पंजाब में अकाली दल वाले बादल के साथ वंशवाद की बात दिखाई नहीं देती है।
भाजपा के सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए पायलट ने कहा कि यह मजाक ही है कि मोबाइल फोन से घंटी करने से ही सदस्य बना जा सकता है,जबकि कांग्रेस पूरी तहकीकात करके सदस्यता देती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का काम हमेशा आरोप लगाना ही रह गया है। राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों पर रहने वालों को कार्यकारिणी में शामिल करने के प्रश्न पर पायलट ने कहा कि भाजपा ने तो न्यायाधीश रहे लोगों को राज्यपाल बनाया है।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद से हटने के बाद कोई पार्टी के लिए काम करता है तो इसमें बुरा क्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में युवाओं को काम करने का मौका दिया जा रहा है तथा मेहनत का कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी से नए वर्गो को जोड़ने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस के सामने अब पंचायत राज संस्थाओं एवं शेष रही नगर निकायों के चुनाव सबसे बड़ी चुनौती है। नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी को जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी ताकि इन चुनावों में पार्टी अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल कर सके।
उन्होंने स्वीकार किया कि हाल ही में संपन्न हुए 46 निकायों के चुनावों में पार्टी को आशा अनुरूप सफलता नहीं मिली लेकिन कांग्रेस के मत प्रतिशत एवं प्रचार-प्रसार में वृद्धि अवश्य हुई है।