दो दिन में तीन बार हुआ वसुंधरा मंत्रिमंडल का विस्तार
जयपुर [नरेन्द्र शर्मा]। राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार में मंगलवार को दो राज्यमंत्रियों का दर्जा बढ़
जयपुर [नरेन्द्र शर्मा]। राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार में मंगलवार को दो राज्यमंत्रियों का दर्जा बढ़ा है। अरुण चतुर्वेदी और हेमसिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। सोमवार को अपने मंत्रिमंडल में 15 नये मंत्री शामिल करने के एक दिन बाद ही वसुंधरा राजे ने दो राज्यमंत्रियों को आज क्रमोन्नत किया। दोपहर बाद राजभवन में हुए शपथ समारोह में राज्यपाल कल्याण सिंह ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कई मंत्री और विधायक मौजूद थे।
गौरतलब है कि अरुण चतुर्वेदी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके है और राजे के नजदीकी माने जाते हैं। मुख्यमंत्री ने शाम को मंत्रियों में विभागों का वितरण भी कर दिया।
गौरतलब है कि राजस्थान सरकार में दस माह बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ, लेकिन तीन टुकड़ों में। पहले दिन सोमवार दोपहर 14 मंत्रियों को शामिल किया गया। सोमवार रात को ही दूसरी बार में जीतमल खांट को राज्यमंत्री को शपथ दिलाई गई। चर्चा मंत्रियों के विभागों को लेकर चल रही थी, इस बीच मंगलवार दोपहर बाद फिर से मंत्रिमंडल फेरबदल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वतंत्र प्रभार के दो राज्यमंत्रियों को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल में सीएम सहित मंत्रियों की संख्या 27 है, लेकिन कैबिनेट मंत्री 15 हो गए है। सांसद बने सांवरलाल जाट के इस्तीफे के बाद यह संख्या 14 रह जाएगी। जाट अब तक प्रदेश में जल संसाधन मंत्री थे।