वसुंधरा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कसरत तेज
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। करीब नौ माह पुरानी वसुंधरा राजे सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कसरत तेज हो गई है। अगले एक सप्ताह में विस्तार होने की संभावना है। विस्तार में दस से बारह मंत्री बनाए जा सकते है। एक राज्यमंत्री का प्रमोशन भी होगा।
मंत्रिमंडल विस्तार एवं राजनीतिक नियुक्तियों पर केंद्रीय नेताओं से चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंची मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नये मंत्रियों में अधिकांश युवा वर्ग से बनाना चाहती है, वहीं प्रदेश के संघ पदाधिकारी चाहते है कि दो से तीन बुजुगरें को भी मंत्री बनाया जाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल, महामंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ मंत्रिमण्डल विस्तार एवं राजनीतिक नियुक्तियों पर चर्चा करने के बाद वसुंधरा राजे सोमवार शाम जयपुर पहुंचेगी। वसुंधरा का मंगलवार को जयपुर स्थित संघ मुख्यालय भारती भवन जाकर स्थानीय संघ पदाधिकारियों से विचार-विमर्श का कार्यक्रम है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और वरिष्ठ केबिनेट मंत्री गुलाब चंद कटारिया भी आज सुबह दिल्ली गए। वसुंधरा राजे ने इन दोनों नेताओं के साथ संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा की।
जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले अमित शाह से वसुंधरा राजे ने टेलिफोन पर बात की थी,इसमें यह तय किया गया था कि पहली बार विधायक बनने वालों को मत्रिमण्डल में शामिल नहीं किया जाए। गौरतलब है कि वर्तमान में राज्य मंत्रिमण्डल में दस मंत्री है। इनमें से एक केबिनेट मंत्री सांवर लाल जाट अजमेर से सांसद बनने के बाद मुख्यमंत्री को इस्तीफा सौंप चुके है,लेकिन फिलहाल स्वीकार नहीं हुआ है। संविधान के मुताबिक दो सौ सदस्यीय विधानसभा में तीस मंत्री बनाए जा सकते है, लेकिन सीएम फिलहाल दस से बारह मंत्री बनाने के ही पक्ष में है।