इंडोनेशियाई महिला पर्यटकों से जाली नोट बरामद
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। इंडोनेशियाई से जयपुर घूमने आए 36 महिला पर्यटकों के एक दल के पास 2.20 लाख रुपए के नकली नोट मिले हैं। इनमें से साढ़े 36 हजार रुपए की महिलाओं ने आमेर और बिड़ला मंदिर परिसर में स्थित दुकानों से ज्वैलरी और कपड़ों की खरीदारी कर ली थी। खरीददारी के बाद पुलिस को नकली नोट चलाए जाने की जानकारी मिली। जांच के बाद पुलिस महिलाओं तक पहुंची और नकली नोट जब्त किए। नकली नोट चलाने के संबंध में जयपुर के गांधीनगर पुलिस थाने में दुकानदार विकास पंजाबी, लेखराज सोनी ने मामला दर्ज कराया है।
शहर पुलिस के डीसीपी अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि प्रारम्भिक जांच सामने आया है कि जब्त नकली नोट 500 और 1000 रुपए के हैं। पर्यटकों का कहना है कि उन्होंने जकार्ता में तीन मनी एक्सचेंजर से भारतीय मुद्रा के 5 लाख रुपए इंडोनेशियन मुद्रा के बदले लिए थे। इनमें 2.20 लाख रुपए नकली थे। पर्यटकों ने 36 हजार रुपए की खरीदारी कर ली, बाकी 1.84 लाख रुपए उनसे जब्त कर लिए गए।