आसाराम मामला : पीडि़ता के पिता पर हमले की कोशिश
जयपुर। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जोधपुर जेल में बंद आसाराम के एक सेवादार ने आज जोधपुर होटल में पीडि़ता के पिता पर हमले की कोशिश की। शाहजहांपुर पुलिस ने हमलावर अर्जुन उर्फ पंकज को दबोच कर जोधपुर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद होटल में हड़कंप मच गया। जोधपुर पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले गुरुवार रात को भी आसाराम का सेवादार अर्जुन होटल में आया था। केस वापस न लेने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावर शुक्रवार सुबह 10 बजे पीडि़ता के पिता के कमरे में पहुंच गया। उसने वहां पर उनको जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर वहां मौजूद शाहजहांपुर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उसको जोधपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गौरतलब है कि पिछले दो दिन से कोर्ट में पीडि़ता की मां के बयान दर्ज हो रहे हैं। आज जिरह होनी है। इस हमले से आसाराम की मुश्किलें बढ़ सकती है। उनको काफी अर्से से जमानत नहीं मिली हैं और वह जोधपुर जेल में बंद है।