मोदी की तर्ज पर वसुंधरा तैयार करेंगी मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड
जयपुर [नरेन्द्र शर्मा]। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तर्ज पर अब राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अपने मंत्रियों और विधायकों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मंत्रियों और भाजपा विधायकों को रिपोर्ट कार्ड तैयार करा रही है।
मंत्रियों को प्रति माह अपने विभाग में हुए कायरें का ब्योरा सीएमओ में देना होगा,इसके साथ ही यह भी बताना होगा कि वे माह में कितने दिन आम लोगों से मिले और उनकी समस्याओं के निपटारे की क्या स्थिति है। मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात एक आईएएस अधिकारी मंत्रियों से मिलने वाली रिपोर्ट सीएम तक पहुंचाएंगे।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा है कि राजधानी जयपुर से बाहर जिलों के दौरे पर जाने की सूचना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को भी दें। मंत्रियों को यह भी कहा गया कि जिला के दौरे पर जाते समय क्षेत्रीय विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष को भी जानकारी दें। यदि संभव हो तो पार्टी कार्यालय में जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करें। मंत्रियों से दौरों के समय सरकारी संसाधनों का काम से कम उपयोग करने के लिए भी कहा गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को राज्य का बजट पेश करने से पूर्व वसुंधरा राजे ने आज मंत्रियों को अपनी ओर से तय गाइड लाईन भेजी है। मंत्रियों को तबादलों में अधिक ध्यान देने के बजाय विकास कायरें एवं पार्टी द्वारा तय रणनीति के अनुसार काम करने के लिए कहा गया है। इससे पहले शुक्रवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में भी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने विधायकों से अधिकांश समय अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहने के लिए कहा।
विधायकों से विधानसभा सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने और विपक्ष द्वारा मंत्रियों को घेरे जाते समय उनका बचाव करने के लिए भी कहा गया है। वहीं मंत्रियों को पार्टी विधायकों के साथ तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के मुताबिक अगस्त में होने वाले वसुंधरा सरकार के बीकानेर संभाग के दौरे के दौरान जिला मुख्यालयों पर सभा आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है।