राजस्थान के 20 लाख प्रवासी मतों पर भाजपा की नजर
जयपुर [नरेंद्र शर्मा]। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में जुटी भाजपा की नजर अब 20 लाख प्रवासी राजस्थानी वोटरों पर है। ये 20 लाख लोग देश के विभिन्न प्रदेशों में रह रहे है। इनका नाम अपने गृह क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में दर्ज है। भाजपा ने इन मतदाताओं को अपने लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ तक लाने की विशेष रणनीति बनाई है। इसी मुहिम के तहत सोशल मीडिया, फोन कॉल्स और पत्र के जरिये काफी प्रवासी वोटरों से संपर्क साधा जा चुका है। मतदाताओं के संस्थानों में भी बात कर प्रवासियों को चुनाव के लिए छुट्टी दिए जाने की अपील की जा रही है।
प्रवासी मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने की रणनीति पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र यादव ने तय की है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के करीब 20 लाख मतदाता रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में गए हैं। सभी 25 संसदीय सीटें जीतने के लिए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, असम, कर्नाटक और अन्य राज्यों में गए वोटरों को वापस बुलाने की रणनीति बनाई गई है। इन राज्यों में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क साधा जा रहा है। उनसे प्रवासी राजस्थानियों की सूचियां बनाकर अधिक मतदान को लेकर प्रेरित किया जा रहा है।
फेसबुक और वॉट्स अप सहित अन्य माध्यमों से प्रवासी राजस्थानी वोटरों से संपर्क बनाने के साथ ही उन्हें मतदान की तारीख, प्रत्याशी और पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी दी जा रही है।