राजे का भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को भिजवा दिया है। पार्टी के एक व्यक्ति एक पद के सिद्धान्त के चलते राजे ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा में नए अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है।
सूत्रों के अनुसार वसुंधरा राजे के प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी को नए प्रदेशाध्यक्ष के लिए दो-तीन नामों की सूची केन्द्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। सोलंकी प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से सलाह मशविरा करके नए प्रदेशाध्यक्ष के संभावित नामों की सूची तैयार करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि सत्ता और संगठन में समन्वय को देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषण से पहले वसुंधरा राजे से भी केन्द्रीय नेतृत्व चर्चा करेगा। इस पद पर किसी वरिष्ठ नेता को बिठाया जाएगा या पार्टी किसी युवा को तरजीह देगी इस तरह के कयास भी शुरू हो गए है।
लोकसभा प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा के लिए केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक तीन फरवरी को दिल्ली में होगी। इसके बाद हर सप्ताह इस समिति की बैठक होगी तथा फरवरी के अंत तक अधिकतर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाने की संभावना है। प्रदेश इकाई से फरवरी के पहले सप्ताह तक दावेदारों के नामों की सूची बनाने को कहा गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर