पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं केजरी: बादल
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
वेब डेस्क, तरनतारन। खडूर साहिब में संगत दर्शन करने पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब के लोगों को गुमराह कर यहां का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल से दिल्ली ही नहीं संभल रहा है तो पंजाब का क्या उद्धार करेंगे।
रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में बादल ने यह भी कहा कि आप नेताओं की आपसी लड़ाई सिर्फ सत्ता की भूख के लिए हैं। बादल ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी निशाना साधा। कहा, किसानों का कर्ज माफ करवाना कैप्टन के बस की बात नहीं। कैप्टन अब कभी सीएम नहीं बन पाएंगे। बादल ने दावा किया कि अगले चुनाव में शिअद-भाजपा से मुकाबलेे के लिए कोई भी पार्टी सक्षम नहीं है।