महिला ने रचा आत्महत्या का ड्रामा, मध्य प्रदेश में मिली प्रेमी के साथ
महिला ने अपने प्रेमी के साथ जाने के लिए आत्महत्या का ड्रामा रचा। मामले में उसके ससुराल वाले फंस गए। लेकिन, पुलिस ने महिला को प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
जेएनएन, खनौरी (संगरूर)। महिला ने प्रेमी के साथ जाने के लिए एेसा ड्रामा रचा कि अब खुद ही फंस गई। उसने आत्महत्या का ड्रामा रचा। परिजनों ने शव की शिनाख्त भी कर दी है, लेकिन गांव मंडवी की महिला मिली मध्य प्रदेश में अपने प्रेमी के साथ। पुलिस ने दोनों महिला को प्रेमी सहित काबू कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रमुख गुरप्रताप सिंह ने बताया कि गांव मंडवी की महिला निशा पत्नी रिशीपाल के फरवरी में भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया था। परिवार ने नहर से बरामद शव की शिनाख्त निशा के रूप में की थी। निशा के पिता पाली राम निवासी अंबरसर थाना नरवाणा जिला जींद के बयान पर पति रिशीपाल, ससुर दयानंद, देवर गुरदयाल सिंह व देवरानी मुकेश के खिलाफ मामला दर्ज लिया था।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर अपनी जांच जारी रखी। इस दौरान पता चला कि निशा के अपने मायके गांव के सोनू के साथ प्रेम संबंध थे। लोगों व कानून को धोखा देने के लिए दोनों ने निशा की आत्महत्या का ड्रामा किया। प्रेमी जोड़े के मोबाइल की लोकेशन मध्य प्रदेश के कस्बा चंदेरी में मिली। इस पर विशेष टीम भेजकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: जमानत पर छूटे बदमाशों ने नाबालिग लड़की से किया गैंगरेप