दाल-रोटी के साथ भविष्य पर बात
सचिन धनजस, संगरूर : आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक के पहले दिन शुक्रवार को रात्रिभोज बेहद सामान्य रहा।
संगरूर-पटियाला रोड स्थित रेड एपल में इसका इंतजाम किया गया। होटल के बाहर करीब 25 गाड़ियों की भीड़ थी। अरविंद को रेलवे स्टेशन से लेकर आने वाली बस भी वहीं खड़ी थी। एक एएसआइ समेत तीन-चार पुलिस कर्मचारी बाहर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त कर रहे थे। रात्रि करीब 8:30 बजे तक होटल के बाहर पार्टी के कई कार्यकर्ता दिखाई दिए, लेकिन आम जनता से मिलने के लिए किसी ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई।
10 हजार रुपये देकर अरविंद के साथ कोई भी रात्रिभोज कर सकता है। इस व्यवस्था से पहले से ही चर्चा में आ गए इस रात्रिभोज में करीब 80 लोगों का खाना परोसा गया। सूत्रों के अनुसार, 80 में से लगभग 40 तो पार्टी के नेता-कार्यकर्ता ही थे। अन्य बाहर से आए हुए सदस्य थे। 9:30 बजे संपन्न हो गए रात्रिभोज में दाल-रोटी परोसी गई। सूत्र तो यहां तक कहते हैं कि इस मौके पर ए.सी तक नहीं चलाया गया, ताकि माहौल आम आदमी के माकिफ लगे। इस रात्रिभोज से कितनी धनराशि एकत्रित हुई, इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। कोई भी नेता-कार्यकर्ता इसके बारे में बताने को तैयार नहीं हुआ। कल अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दस हजार रुपये के शुल्क के बदले उनके साथ रात्रिभोज करना गलत नहीं है। पारदर्शी ढंग से पार्टी फंड एकत्रित किया जा रहा है। यह दूसरी बात है कि उनका यह विचार पार्टी के आम कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया था।
खैर, रात्रिभोज में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बातों ही बातों में पंजाब में आप के भविष्य पर बातचीत की। अकाली दल-भाजपा गठबंधन सरकार और कांग्रेस की नीतियों से लेकर राजनीतिकों से जनापेक्षाओं तक पर चर्चा हुई।