वाह भई वाह, लंबी चौड़ी कार्यकारिणी, सारे बणा ते नेताजी
अजय अग्निहोत्री, रूपनगर
जिला कांग्रेस प्रधान हरभाग सिंह सैनी देसूमाजरा ने जिला कार्यकारिणी की लंबी चौड़ी लिस्ट घोषित कर दी है। रूपनगर के इतिहास में यह पहली बार है कि इतनी बड़ी जिला कार्यकारिणी कांग्रेस पार्टी ने घोषित की है। बता दें कि जिले के कांग्रेसी नेताओं का एक बड़ा गुट हरभाग को जिले से बाहरी बताकर तभी से विरोध में है, जब से हरभाग को जिला प्रधानगी पंजाब प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने सौंपी है। लेकिन अब घोषित कार्यकारिणी में दो चार की बजाय पांच-छह दर्जनों से भी ज्यादा वर्करों को ओहदे थमा दिए हैं। कांग्रेस के अंदरुनी सूत्रों की मानें तो जिला कार्यकारिणी संवैधानिक नहीं है क्योंकि पूरी कार्यकारिणी में 50 तक पदाधिकारी लिए जा सकते हैं। इसमें स्पेशल इंवाइटी भी शामिल हैं। लेकिन हरभाग ने तो छप्पड़ फाड़कर ओहदे बांटते हैं। स्पेशल इंवाइटी की लिस्ट ही अकेले 28 की है जिसमें हरभाग का तगड़ा विरोध करने वाले आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मेंबर राणा कंवरपाल सिंह, पूर्व राज्यमंत्री रमेश दत्त शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह सैनी आदि को भी शामिल किया गया है। यही नहीं, कार्यकारिणी में 55 से ज्यादा उप प्रधान ही बना दिए हैं। यानी हरभाग ने उप प्रधानगी देकर उन्हें चुप करवाने का पासा फेंका है। इन ओहदेदारों में जहां विरोधी गुट के नेताओं के निकटवर्ती ही नहीं बल्कि कंट्टर विरोधियों को भी कार्यकारिणी में जगह दी है। वरिष्ठ उप प्रधान, जनरल सेक्रेटरी, सेक्रेटरी, ज्वाइंट सेक्रेटरी तथा आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी के ओहदे खैरात में ही बांट दिए हैं। अकेले उप प्रधान तथा महासचिव का ओहदा 50-50 से ज्यादा वर्करों को दिया गया है। सेक्रेटरी 80 से भी ज्यादा बनाए गए हैं। ज्वाइंट सेक्रेटरी तथा आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी भी इसी तरज पर बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पंजाब कांग्रेस की कार्यकारिणी व जिला प्रधानों के विवाद को लेकर महिंदर केपी की अगुवाई वाली कमेटी के समक्ष जिले के कांग्रेसी नेताओं ने हरभाग सिंह सैनी को अपना प्रधान मानने से इंकार कर दिया था तथा इसके लिए अपने कारण भी बताए थे।
ब्लाक प्रधान बदलने को लेकर शुरू हुई सुगबुगाहट
उधर, दो छोड़कर बाकी ब्लाक प्रधान बदलने को लेकर भी कांग्रेसियों के बीच सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कई कांग्रेसियों ने दबी चुबान में कहा कि इलेक्टेड ब्लाक प्रधानों को कार्यकाल से पहले हटाया नहीं जा सकता है। जिला प्रधान ने ब्लाक नंगल का प्रधान एडवोकेट परजमीत सिंह पम्मा को बनाया है। ब्लाक आनंदपुर साहिब का प्रधान जरनैल सिंह, चमकौर साहिब का प्रधान करनैल सिंह वजीदपुर को, मोरिंडा का प्रधान हरपाल सिंह बबनाड़ा को बनाया गया है। जबकि सिटी रूपनगर का प्रधान सतिंदर नागी बिंट्टू तथा आनंदपुर साहिब सिटी का प्रधान कुलदीप सिंह बंगा को लगाया गया है। नूरपुरबेदी ब्लाक के देसराज तथा रूपनगर ब्लाक के रछपाल सिंह पुराने प्रधानों को ही बरकरार रखा गया है।
जब प्रधान ही नहीं मानते तो ओहदे का कोई औचित्य नहीं : कंवरपाल सिंह
मैं अपने पहले स्टेंड पर खड़ा हूं कि हरभाग हमारा प्रधान नहीं है। इसलिए अगर उन्हें स्पेशल इंवाइटी में लिया गया है तो उस ओहदे को ग्रहण नहीं करने का औचित्य ही नहीं रह जाता जो उसने दिया हो। मेरे नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह तथा बीबी अंबिका सोनी हैं।
राणा कंवरपाल सिंह, मेंबर आल इंडिया कांग्रेस कमेटी
हमें कोई मतलब नहीं कार्यकारिणी से : डॉ.रमेश
मैं तो पहले ही हरभाग सिंह को प्रधान नहीं मानता। हम सभी कांग्रेसी महिंदर केपी की अगुवाई कमेटी के समक्ष भी अपनी बात रख चुके हैं। उसने जो कार्यकारिणी घोषित की है, उससे हमें कोई मतलब नहीं है।
डॉ.रमेश दत्त शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री पंजाब
मैंने सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है : हरभाग
मैंने सभी को एक साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। कोई भेदभाव नहीं किया गया। कार्यकारिणी में उन्हें ही ओहदा दिया गया है।
हरभाग सिंह सैनी देसूमाजरा, प्रधान जिला कांग्रेस रूपनगर