जमीन विवाद में भतीजे व उसकी पत्नी का कत्ल
जागरण न्यूज नेटवर्क, समाना (पटियाला) : समाना-पातड़ां रोड पर साधूगढ़ गांव में बलविंदर सिंह नाम के करीब 70 वर्षीय व्यक्ति ने जमीन विवाद के चलते अपने भतीजे व इसकी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। उसने अपने घर में सो रहे इन लोगों पर तेजधार हथियार से हमला किया। यह वारदात शनिवार रात्रि करीब 11 बजे की है। हत्यारोपी फरार बताया जा रहा है।
निहंग बलविंदर सिंह की शादी नहीं हुई थी। उसने कुछ साल पहले अपने हिस्से की छह एकड़ जमीन अपने भतीजे बहादुर के नाम कर दी थी, जो इस पर खेती कर रहा था। बलविंदर ने अब दी हुई जमीन वापस मांगनी शुरू कर दी। इस मसले पर ताया-भतीजे के बीच विवाद शुरू हो गया। शनिवार रात्रि करीब 11 बजे बलविंदर सिंह दीवार फादकर अपने भाई जगतार सिंह के घर में घुसा और उसे कमरे में बंद कर दिया। दूसरे कमरे में सो रहे भतीजे बहादुर सिंह (40) और इसकी पत्नी मनजीत कौर (38) पर तेजधार बरछे से ताबड़तोड हमला कर दिया। इसी दौरान बहादुर सिंह का लगभग 15 वर्षीय बेटा सतविंदर सिंह घायल हो गया। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉ. परमजीत सिंह काहलों ने मनजीत कौर को मृत करार दिया और गंभीर हालत देख बहादुर सिंह को राजिंदरा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां जख्मों की ताव न सहते हुए बहादुर ने भी दम तोड़ दिया।
एसएसपी हरदयाल सिंह मान एवं एसपी (डी) जसकिरनजीत सिंह तेजा ने रविवार सुबह घटनास्थल का जायजा लिया। समाना सिटी पुलिस थाने के प्रभारी सुरिदर पाल ने बताया कि बलविंदर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।