अर्जुन अवार्ड के लिए दोबारा प्रस्तावित होगा मनोज का नाम
जागरण संवाददाता, पटियाला : अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी मनोज कुमार को भी अर्जुन अवार्ड मिलेगा। खेल मंत्रालय ने दिल्ली हाई कोर्ट में बयान दिया मनोज का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए संबंधित कमेटी के पास दोबारा प्रस्तावित किया जाएगा।
मनोज कुमार के कोच एवं भाई राजेश कुमार ने दिल्ली से फोन पर बताया कि खेल मंत्रालय ने कोर्ट में उक्त आशय का बयान दिया। बताया कि इस समूची प्रक्रिया को पूरा करने में दो सप्ताह का समय लगेगा।
64 किलोग्राम भार वर्ग में खेलने वाले हरियाणा के मुक्केबाज मनोज ने कहा कि खेल मंत्रालय के साथ उनका कोई झगड़ा नहीं है। उनकी यह लड़ाई तो केवल उसूलों की है। वह अर्जुन अवार्ड के हकदार हैं। बावजूद इसके उनके नाम को दरकिनार कर दिया गया। इस सम्मान को हासिल करने के लिए ही उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट से न्याय मिला। यह मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।