बहनों ने तिलक लगा मांगी भाइयों की लंबी उम्र
संवाद सहयोगी, नवांशहर भाई-दूज का पर्व शनिवार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के न्यू मॉडल टाउन
संवाद सहयोगी, नवांशहर
भाई-दूज का पर्व शनिवार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के न्यू मॉडल टाउन में रहने वाले अमित चौधरी बोले इस बार की भैया-दूज उनके लिए बहुत खास है, क्योंकि कई साल बाद वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहेंगे। बहन रंजना अग्रवाल ने कहा कि भाई बहन का रिश्ता है खास। शादी के बाद इंसान की अपनी अपनी दुनिया शुरू हो जाती है, उस चक्कर में व्यक्ति अपनों से कब, कितने समय बाद मिलता है, यह जरूरी नहीं है, बल्कि सच यह है कि जहां पर सच्चा प्यार होता है, वहां पर दिनों और वर्षो के मियाद की दीवार नहीं होती है। शुभ पर्व पर इसी तरह प्यार लुटाने वाली बहनों ने शनिवार को मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। भाइयों को टीका लगा उनकी दीर्घायु की कामना के साथ बुराइयों से लड़ने के लिए जोश भी उनके लिए बहनें मांगती नजर आई।
पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी दिन सूर्यदेव के पुत्र और यमपुरी के स्वामी यमराज अपनी बहन यमुना के द्वारा बार-बार निवेदन करने पर उनके घर आए थे। यमुना ने भाव-विभोर होकर उनका स्वागत किया था। इस पर खुश होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो इस दिन यमुना में स्नान करके भाई-बहन के इस पवित्र पर्व को मनाएगा, वह मेरे भय से मुक्त हो जाएगा। उसी दिन से यह पर्व हर साल भाई दूज के रूप में मनाया जाने लगा। इस महापर्व को यम द्वितीया, भाई-दूज और कई अन्य नामों से भी जाना जाता है।