Move to Jagran APP

बादल के जन्मदिन पर शिअद-भाजपा ने किया चुनाव अभियान का शंखनाद

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर शिअद व भाजपा ने मोगा में चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया है। रैली में प्रदेशभर से कार्यकर्ता पहुंचे हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 08 Dec 2016 12:25 PM (IST)Updated: Thu, 08 Dec 2016 02:45 PM (IST)
बादल के जन्मदिन पर शिअद-भाजपा ने किया चुनाव अभियान का शंखनाद

जेएनएन, मोगा। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर मोगा के किल्ली चाहलां में रैली का आयोजन कर शिरोमणि अकाली दल ने चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। सुबह पड़ी घनी धुंध के बावजूद रैली में प्रदेशभर से कार्यकर्ता पहुंचे हैैं। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जैसे ही मंच पर पहुंचे लोगों ने हाथ उठाकर उन्हें 89वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। बादल ने भी हाथ उठाकर जनता के लिए इसका धन्यवाद दिया। उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल व पंजाब भाजपा के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला भी मंच पर मौजूद हैं। रैली की थीम 'पानी बचाओ पंजाब बचाओ' है।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि किसानी पानी के ऊपर है। बिना पानी के बिना किसान न अपना पेट भर सकता है और न देश का। उन्होंने कहा कि पंजाब की एक भी बूंद पानी राज्य से बाहर नहीं जाने दी जाएगी। बादल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि इस पार्टी नें पंजाब से हमेशा सौतेला व्यवहार किया है। काग्रेस ने पंजाब के पानी पर डाका डाला। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जब एसवाइएल का नींवपत्थर रखने आई थी उस समय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उनका स्वागत किया था।

मंच पर बैठे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल।

बादल ने कहा कि कैप्टन ने एसवाइएल के मुद्दे पर सांसद पद इस्तीफा देकर लोगों को बेवकूफ बनाया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन को विधानसभा चुनाव लडऩा था उन्हें तो इस्तीफा देना ही था, लेकिन उन्होंने औरों से भी विधायक पद से इस्तीफा दिलाकर उन्हें अधर में छोड़ दिया।

उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने नशे के मुद्दे पर पंजाब के युवाओं को बदनाम किया। राहुल गांधी ने पंजाब में कहा कि 70 फीसद पंजाबी युवा नशे के आदी हैैं। इसके कारण अन्य राज्यों में यहां के युवाओं को नौकरी मिलनी बंद हो गई। राज्य सरकार ने यहां के युवाओं को रोजगार देने के लिए पुलिस में भर्ती खोली तो सारे दावों की पोल खुल गई। भर्ती में डोप टेस्ट हुआ, जिसमें सवा प्रतिशत युवा ही डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाए गए। सुखबीर ने कहा कि कांग्रेस व आप को पंजाब के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जो काम बादल ने किया वह किसी राज्य के मुख्यमंत्री ने नहीं किया। एसवाइएल के मुद्दे पर सुखबीर बादल ने एक बार फिर कांग्रेस को घेरा। कहा कि कांग्रेस ने ही पंजाब के पानी का बंटवारा करने की नीति बनाई थी। एसवाइएल का निर्माण कांग्रेस ने करवाया था। सुखबीर ने कहा कि शिअद राज्य से एक बूंद पानी राज्य के बाहर नहीं जाने देगी।

सुखबीर ने कहा कि बादल सरकार ने हर वर्ग व हर क्षेत्र का विकास किया है। कभी पंजाब में बिजली संकट था, लेकिन अब राज्य बिजली सरप्लस है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।

सुखबीर ने कहा कि बादल साहब का सारा जीवन आप, आपके पिता व दादा के साथ रहा। उन्होंने जमीन से उठकर राजनीति की और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे। उन्हें लोगों की सारी तकलीफों का पता है। पंजाब में जब भी विकास हुआ बादल के कार्यकाल में हुआ। सुखबीर आम आदमी पार्टी पर भी जमकर बरसे। कहा कि केजरीवाल से दिल्ली नहीं संभाला जा रहा और पंजाब में बड़े-बड़े झूठे वादे कर रहे हैैं।

रैली को संबोधित करते हुए विजय सांपला ने मुख्यमंत्री बादल को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके पंजाब के लिए किए गए संघर्ष को कोई नहीं भूल सकता। आज भी उन्होंने जनता के बीच आकर अपना जन्मदिन मनाया। पानी के मुद्दे पर सांपला ने कहा कि पंजाब का पानी यहां के किसानों का पानी है। पंजाब से एक भी बूंद पानी राज्य से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।

शिअद-भाजपा की मोगा रैली में उपस्थित लोग।

अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे विभिन्न संगठनों-यूनियनों द्वारा रैली में बाधा पहुंचाने की धमकी को देखते हुए रैली वाले स्थान का सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा किया गया है। 80 सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षाकर्मी नजर रखे हुए हैैं। गत दिवस पुलिस ने शहर के कुछ होटलों, रेस्ट हाउस व धर्मशालाओं में रुके लोगों का ब्योरा भी एकत्र किया था। रैली के दौरान किसी निजी व्यक्ति को कोई हथियार रखने की अनुमति नहीं दी गई है।

मोगा व आसपास के जिलों से सरबत खालसा से जुड़े कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। किस-किस को हिरासत में लिया गया है, यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने नहीं दी। एसएसपी स्नेहदीप शर्मा ने कहा कि सरबत खालसा से जुड़े लोगों ने धमकी दी थी कि रैली को प्रभावित करेंगे।

बता दें, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल गत दिवस ही रैली के लिए कैबिनेट मंत्री जत्थेदार तोता सिंह के घर पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए जत्थेदार तोता सिंह के गांव दून्नेके स्थित निवास के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर किए गए थे।

पढ़ें : सिद्धू अभी नहीं होंगे कांग्रेस में शामिल, अमृतसर उपचुनाव भी नहीं लड़ेंगे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.