Move to Jagran APP

बादल पिता-पुत्र ने फूंका चुनावी बिगुल, कैप्‍टन अमरिंदर पर निशाना

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्‍यमंत्री सुखबीर बादल ने शनिवार को चुनावी बिगुल फूंका। लोगों को दोनों ने यहां पार्टी की सद्भावना रैली में कांग्रेस के नवनियुक्‍त प्रदेश अध्‍यक्ष कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पर जमकर निशाने साधे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sat, 28 Nov 2015 06:07 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2015 09:33 PM (IST)
बादल पिता-पुत्र ने फूंका चुनावी बिगुल, कैप्‍टन अमरिंदर पर निशाना

जागरण संवाददाता, मोगा। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने शनिवार को चुनावी बिगुल फूंका। लोगों को दोनों ने यहां पार्टी की सद्भावना रैली में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पर जमकर निशाने साधे। सुखबीर ने अमरिंदर सिंह को बूढ़ा शेर बताते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से अगले चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन की जीत तय हो गई है।

loksabha election banner

सुखबीर बादल ने कहा कि पांच क्रिकेट मैचों की तर्ज पर पंजाब में पांच सद़भावना रैली का आयोजन किया जा रहा है। अकाली-भाजपा गठबंधन 2017 में होने वाला विधानसभा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में शिअद 25 साल तक राज करेगी। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को बूढा शेर बताते कहा कि तब तक कैप्टन सौ साल के हो जाएंगे।

लुधियाना से मोगा पहुंचा सुखबीर सिंह बादल के रोड शो का काफिला।

बादल पिता और पुत्र ने राज्य की अमन-शांति के लिए अपने शरीर के खून का एक-एक कतरा बहा देने जैसी जज्बाती बातें कह कर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने उपस्थित जन समूह से विगत दिनों पंजाब में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के लिए माफी मांगी।

माेगा में आयोजित सद्भावना रैली में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व अन्य नेता।

उन्होंने कहा कि चाहे वह इससे पहले भी संगत से माफी मांग चुके है, लेकिन अगर कोई अनजाने में गलती हुई हो तो उसके लिए फिर माफी मांगने में कोई हिचक नही होनी चाहिए। पार्टी सबके लिए मां समान है। ऐसे में अगर पार्टी से कोई गलती हो गई है तो इसके लिए उसे माफ कर देना चाहिए।

मोगा की नई दाना मंडी में अायोजित रैली में मोगा समेत संगरूर, बरनाला, लुधियाना व फिरोजपुर जिलों के कार्यकर्तओं व लोग शामिल हुए। सुखबीर ने कांग्रेस को दरबार साहिब पर हुए हमले समेत 1984 के दिल्ली दंगों के लिए दोषी बताया और राहुल गांधी पर पंजाब में माहौल खराब करने का आरोप लगाया। रैली में भाजपा के प्रदेश प्रधान कमल शर्मा नहीं आए। रैली को भाजपा की ओर से तरुण चुघ व सुरजीत कुमार ज्याणी ने किया संबोधित।

लुधियाना से माेगा तक सुखबीर का रोड शो, कहा- कैप्टन से लड़ाई में आएगा मजा

लुधियाना में सुखबीर बादल के रोड शो का दृश्य।

लुधियाना : इससे पहले सुखबीर बादल ने लुधियाना से माेगा तक रोड शो किया। सुखबीर का रोड शो लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित हयात रिजेंसी के पास से शुरू हुआ। इसमें काफी संख्या में कार्यकर्ता व नेता शामिल हुई। उनके काफिले में करीब 600 वाहनो का काफिला था। इससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गई।

लुधियाना में रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार करते सुखबीर बादल।


इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रधान बनने पर खुशी जाहिर की। सुखबीर ने कहा कि कैप्टन पुराने पहलवान हैं और उनके साथ राजनीतिक लड़ाई में मजा आएगा। यदि कांग्रेस हाईकमान किसी नए चेहरे को पंजाब कांग्रेस कमेटी का प्रधान बनाती तो उसके खिलाफ अलग से रणनीति बनाने की जरूरत पड़ती।

उन्होंने कहा कि कैप्टन को पहले भी दो बार विधानसभा चुनाव में मात दे चुके हैं, इसलिए उन्हें पता है कि कैसे कैप्टन को मात देनी है। पंजाब में कांग्रेस व आप का कोई आधार नहीं है। गठबंधन सरकार ने पंजाब में काफी विकास किया है और लोग तीसरी बार गठबंधन सरकार को सत्ता में लाएंगे।

यादव व भूषण के आरोपों का जवाब दें मान

सुखबीर ने आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका डोपिंग टेस्ट की मांग करने वाला पहले स्वराज लहर के सीनियर नेता योगेंद्र यादव व प्रशांत भूषण द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि योगेंद्र यादव व प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया था कि भगवंत मान शराब पीकर संसद में आ जाते हैं, लेकिन अभी तक मान ने इस पर चुप्पी साधी हुई है। पहले मान उनके आरोपों का जवाब दे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.