बेटी के प्रेम विवाह का विरोध, ससुराल जाकर चलाई गोली
जेएनएन, मोगा बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपने साथियों सहित उसके ससुराल जाकर रविवार रात क
जेएनएन, मोगा
बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपने साथियों सहित उसके ससुराल जाकर रविवार रात को गोली चलाने समेत बेटी की सास व चाचा ससुर को मारपीट कर घायल किया है। इस आरोप में थाना सिटी साउथ पुलिस ने लड़की के पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआइ गमदूर सिंह ने बताया कि वीना रानी पत्नी सुरेंद्र कुमार निवासी साधावाली बस्ती ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अमनदीप के सरदार नगर निवासी कुलदीप सिंह की बेटी चरणजीत कौर से चार पांच साल से प्रेम संबंध थे। जिससे उसके बेटे ने 10 नवंबर को अदालत में जाकर शादी कर ली थी। जबकि युवती के परिवार वाले इस शादी का विरोध कर रहे थे। इसी रंजिश के चलते रविवार रात को युवती के पिता ने उनके घर के बाहर आकर उन्हें ललकारते हुए गोलियां चलानी शुरू कर दी। जब वह उनसे बात करने बाहर आए तो उसे व उसके देवर धर्मपाल सिंह पर रिवाल्वर का बट मारकर घायल कर दिया। दोनों पक्षों के घायल तीन लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दूसरी ओर सरदार नगर निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उसकी बेटी को अमनदीप ने अपनी मां की सहायता से प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली थी। वह इस शादी का विरोध करता था। जिसके चलते उसे चुप करवाने के इरादे से उस पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने महिला के बयान पर कुलदीप सिंह व उसके दो अज्ञात साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने के तहत केस दर्ज किया है। वहीं कुलदीप सिंह के बयान दर्ज कर लिए हैं। उसकी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।