चोरी करने आया युवक दबोचा, बांधकर रात भर की धुनाई
संस, मोगा गांव दुन्नेके में शुक्रवार रात को चोर गिरोह के सदस्य जीटीरोड पर मूंगफली की टाल लगाकर बै
संस, मोगा
गांव दुन्नेके में शुक्रवार रात को चोर गिरोह के सदस्य जीटीरोड पर मूंगफली की टाल लगाकर बैठे व्यक्ति के टेंट में घुस गए। जिस पर टाल मालिक ने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि गिरोह के बाकी सदस्य भाग गए। पकड़े गए नशेड़ी युवक को रस्सी से बांध कर लोग ने सारी रात जमकर धुनाई की।
कासिम निवासी दुन्नेके ने बताया कि उसने मोगा-फिरोजपुर रोड पर स्थित मंगूफली का अड्डा लगा रखा है। शुक्रवार शाम को कुछ युवक अड्डे के पीछे खाली प्लाट में बैठकर शराब पी रहे थे। इसके बाद उक्त युवक रात को 11 बजे तलवारों व अन्य हथियारों से लेस होकर उसके टेंट में घुस आए। इतने में उसकी नींद खुली तो उसने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि बाकी युवक फरार हो गए। उसने शोर मचाकर गांव वालों को इकट्ठा किया और पकड़े गए युवक को लकड़ी के मेज के साथ रस्सी से बांध दिया। इसके बाद वहां पहुंचे लोगों ने पकड़े गए युवक की जमकर धुनाई की। शनिवार सुबह थाना सदर पुलिस को सूचित करने पर एएसआइ सुरेंद्र कुमार व एचसी गुरजंट सिंह वहां पहुंचे।
18 लोगों का गिरोह है, कई वारदातों को दिया अंजाम
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुखबीर सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी सधावाली बस्ती बताया है। उसने बताया कि उनका 18 लोगों का गिरोह है। वह लोगों के घरों में चोरी व जीटी रोड पर वाहन रोककर उनको लूटने का काम करते हैं। लगभग छह दिन पहले भी उन लोगों ने गांव दुन्नेके में पुलिस स्टाइल में नाकाबंदी कर एक वाहन सवार को लूटा था।
जबकि चार अक्टूबर को बैंक कॉलोनी स्थित एक घर में पाइप डालने के इरादे से घुसकर महिला पर उसी ने हमला किया था। उस समय महिला की बहादूरी के चलते वह पकड़ा गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया था।
एएसआइ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इसके खिलाफ लिखित शिकायत आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।