शौच के लिए बैठे युवक की पीटकर टांग तोड़ी
जागरण न्यूज नेटवर्क, मोगा घर से सब्जी लेने के लिए घर से निकले कस्बा कोट इसे खां निवासी बाइक सवा
जागरण न्यूज नेटवर्क, मोगा
घर से सब्जी लेने के लिए घर से निकले कस्बा कोट इसे खां निवासी बाइक सवार युवक पर शुक्रवार को बाद दोपहर को पुलिस ने सितम किया। वह रास्ते में शौच के लिए खुले मैदान में चला गया। इस दौरान वहां पहुंची पुलिस ने नशा कर रहे दो युवकों को पकड़ने के बाद उसे भी लाठियों से पीटकर उसकी टांग तोड़ डाली। इसके बाद पुलिस कर्मी उसकी जेब से 250 रुपये निकाल दारू की बोतल का इतंजाम होने की बात कह चलते बने।
सिविल अस्पताल में घायल निशान सिंह पुत्र गुरनाम सिंह ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है। शुक्रवार को बाद दोपहर लगभग साढे़ तीन बजे घर के लिए सब्जी लेने बाइक से जा रहा था। रास्ते में उसे शौच के लिए मैदान इलाके में चला गया। इसी बीच वहां पर पुलिस के दो कर्मी आए तथा उन्होंने वहां पर नशा कर रहे दो युवकों को पकड़ने के बाद रुपये लेकर छोड़ दिया। जबकि वह पुलिस को रुपये लेते सब कुछ देख रहा था। उस पर नजर पड़ने पर पुलिस कर्मियों ने बिना कुछ पूछे उसे लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद वह उसकी जेब से 250 रुपये रुपये निकालकर आपस में बात करते हुए आज दारू का इंतजाम हो गया कहकर उसे घायल हालत में छोड़कर चले गए। इसके बाद घायल युवक ने शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान उसकी आवाज सुनकर वहां पहुंचे युवक ने उसके घर वालों से फोन पर बात करवाई। जिससे युवक को घायल हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घर में अकेला कमाने वाला है युवक
पीड़ित युवक की माता का कहना है कि निशान सिंह घर में अकेला कमाने वाला है। उसके पति गुरनाम सिंह की तीन महीने पहले दिल का दौरा पड़ने से मौत हो चुकी है। वहीं, उसकी विवाहित बेटी को ससुराल वाले तंग परेशान करने के चलते वह एक महीने से घर में बैठी है। ऐसे में परिवार का सारा बोझ निशान सिंह के कंधों पर है। पुलिस ने उसके बेटे के साथ साथ पूरे परिवार बड़ी मुसीबत में डाल दिया है। महिला की परेशानी इस बात से भी थी कि बेटा की टांग टूट जाने के चलते अब उनके घर का खर्च कैसे चलेगा। दूसरी ओर घटना की बीते 24 घंटे होने के बावजूद थाना कोट इसे खां से कोई भी पुलिस कर्मी घायल युवक के बयान दर्ज करने नही पहुंचा।
दीवार फांदते समय युवक की टांग पर लगी चोट : एसएचओ
थाना कोटईसे खां के एसएचओ राम सिंह का कहना है कि शुक्रवार को पीएपी पुलिस के कर्मियों ने नाका लगाया हुआ था। इस दौरान बाइक सवार निशान सिंह को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक भगा कर ले गया। इस दौरान रास्ते में बाइक छोड़कर वह दीवार फांद गया। दीवार फांदते समय युवक की टांग पर चोट लगी है। उनका कहना है कि पुलिस ने उसकी जेब से कोई रुपये नहीं निकाले है। युवक झूठ बोल रहा है। पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज न करे, इसलिए वह ऐसा बोल रहा है।
मामले की जंाच करेंगे
'मुझे घटना की जानकारी नहीं थी। घटना का अब पता चला है। मामले की जांच के बाद दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी'
जेएस खैरा, एसएसपी मोगा।
' युवक की दाई टांग टूटी है। यह गिरने से टूटी है या किसी और वजह से इस बारे में कहना मुश्किल है।'
डॉ. बलविंदर सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सिविल अस्पताल।