डायरिया से एक की मौत, कई लोग बीमार
जेएनएन, मोगा
एक माह तक चली निगम कर्मियों की हड़ताल शहर वासियों को भारी पड़ गई है। लगभग दो सप्ताह पहले हड़ताल खत्म होने के बावजूद शहर की सीवरेज व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। सीवरेज के दूषित पानी से शहर के कई इलाकों में डायरिया ने पांव पसार दिए हैं। शुक्रवार रात बस्ती मोहन सिंह में डायरिया पीड़ित एक व्यक्ति की फरीदकोट ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बस्ती निवासी बलदेव सिंह पुत्र निरजंन सिंह 45 साल शुक्रवार की सुबह तक ठीक था। दोपहर को अचानक उसे उल्टी व दस्त होने से पास के डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां देर शाम को डॉक्टर ने उसे फरीदकोट के लिए रैफर कर दिया, लेकिन रास्ते में कोटकपूरा के निकट पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद से बस्ती समेत सेहत विभाग में हड़कंप मच गया। सेहत विभाग ने शनिवार सुबह डॉक्टर सुखप्रीत सिंह की अगुआई में एक टीम बस्ती मोहन सिंह में भेजी। जिसमें एएनएम कर्मजीत कौर, शांति देवी, जसवीर कौर व आशा वर्कर संदीप कौर उर्फ नीतू ने बस्ती में स्थित बाबा जीवन सिंह गुरुद्वारे में पहुंचकर ग्रंथी से अनाउंसमेंट करवाई। जिस पर बस्ती के लोग गुरुद्वारा साहिब में दवा लेने पहुंचे। इस बस्ती में अभी भी दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं। गौरतलब है कि शहर की मोहन सिंह बस्ती में पिछले दो तीन दिनों से डायरिया ने कई लोगों को चपेट में ले रखा है। जिसके चलते कुछ मरीज सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं और बाकी निजी डॉक्टरों से इलाज करवा रहे हैं।
समस्या के बारे में की थी शिकायत, नहीं हुआ समाधान
बस्ती निवासी जगीर सिंह, मंगा सिंह, बलवीर सिंह, कुलदीप सिंह का आरोप है कि वार्ड नंबर 24 व 27 के लोगों ने मिलकर बीते चार सितंबर को नगर निगम को निगाहा रोड, बस्ती मोहन सिंह, बहादुर सिंह बस्ती में पीने की पानी व सीवरेज की समस्या का समाधान नहीं होने के चलते लिखित में शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस कारण आज यह स्थिति पैदा हुई है।
यह लोग हैं सिविल अस्पताल में भर्ती
शनिवार को अस्पताल में भर्ती हुए मरीज कुलदीप सिंह, प्रिया, बलवीर चंद, मुख्तियार कौर, राणा, अरुण कुमार तथा निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों में हैप्पी, गुरप्रीत सिंह, गुगू, बलविंदर सिंह, राम चंद्र, संतोष कुमार, सर्बजीत कौर, लवप्रीत सिंह, रिंपी के अलावा बस्ती मोहन सिंह में मौजूद सेहत विभाग की टीम ने 50 से ज्यादा मरीजों को दवा वितरित की।
आम आदमी पार्टी ने बताई निगम की लापरवाही
आम आदमी पार्टी के नेता एडवोकेट
नरेंद्र सिंह चाहल अपने पार्टी के वर्करो के साथ बस्ती मोहन सिंह पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया को बताया कि जिला व निगम कर्मियों की लापरवाही के चलते एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि कई लोग डायरिया के शिकार हैं। अगर अब भी प्रशासन व निगम ने लोगों को समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया तो वह संघर्ष करने को मजबूर होंगे।
एसडीएम ने दिया पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा
एसडीएम सुरेंद्र कौर का कहना है कि उन्होंने बस्ती का दौरा कर वहां से निवासियों की समस्या को जानने के बाद उनको प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। बस्ती में पानी के लिए साफ पानी का प्रबंध वाटर टैंकर के जरिए करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने मृतक के घर जाकर उनके पत्नी के साथ दुख सांझा कर सरकार से मदद का भरोसा दिया है। इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल में जाकर पीड़ितों से मिल इलाज में मदद का भरोसा दे एसएमओ को अस्पताल में हर जरूरी सुविधा उपलब्ध करने के लिए कहा है।
मरीजों का रखा जाएगा ध्यान: एसएमओ
एसएमओ डॉक्टर अरविंदर सिंह गिल का कहना है कि डायरिया के मरीज को अस्पताल में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अस्पताल में उनका बढि़या ढंग से इलाज किया जाएगा।