मरणव्रत पर बैठे अंजान को मनाने पहुंचे अधिकारी
जेएनएन, मोगा
म्यूनिसिपल इंप्लाइज यूनियन की मांगों को लेकर मरणव्रत पर बैठे सतपाल अंजान के हालचाल पूछने वीरवार को एसडीएम सुरेंद्र कौर धरना स्थल पर पहुंची। इस दौरान अंजान ने कहा कि मैं अस्पताल नहीं जाऊंगा। इस दौरान वहां पहुंचे खेतीबाड़ी मंत्री के पीए ने मंत्री से मांगों संबंधी बैठक करवाने का भरोसा दिया। इस दौरान मेडिकल टीम द्वारा सतपाल अंजान का चेकअप किया गया। इससे पहले म्यूनिसिपल इंप्लाइज फेडरेशन के कर्मचारियों ने नगर निगम गेट के सामने पंजाब सरकार व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सतपाल अंजान ने एसडीएम व प्रशासनिक अधिकारियों को कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक अंजान मरेगा तो हजारों अंजान पैदा होंगे। इस मौके पर एसडीएम ने फेडरेशन नेता राजेंद्र नंदा, सेवक राम फौजी, भावाधस के कनवीरन वीरभान दानव आदि से सतपाल अंजान को सिविल अस्पताल ले जा उसका उपचार करवाने का आग्रह किया, लेकिन अंजान समेत यूनियन नेताओं ने अस्पताल जाने से साफ इंकार कर दिया।
जैन से दिखे खफा, तोता सिंह पर जताया विश्वास
मरणव्रत पर बैठे सतपाल अंजान समेत फेडरेशन नेता राजेंद्र नंदा, सेवक राम फौजी, भावाधस के कनवीनर वीरभान दानव आदि विधायक जैन से खफा दिखे। उन्होंने जोगिंदर पाल जैन को बुरा भाला कहते हुए अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जैन तो उन्हें झूठ आश्वासन देकर जूस पिला कर चले जाते हैं, लेकिन उन्हें जत्थेदार तोता सिंह पर पूरा भरोसा है कि उनकी मांगों को वह हल करवा सकते हैं। इस दौरान मौका पर पहुंचे खेतीबाड़ी मंत्री जत्थेदार तोता सिंह के पीए व पूर्व पार्षद गुरविंदर जीत सिंह बबलू ने जत्थेदार तोता सिंह से बैठक करवाने के लिए तुंरत बरजिंदर सिंह बराड़ को फोन पर संपर्क कर मांगों के समाधान करने का भरोसा दिया। जिसके तहत शुक्रवार को कर्मचारियों के वफद को चंडीगढ़ ले जाकर जत्थेदार तोता सिंह से बात करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सुरेश सौदा, अजय चांवरिया, इंद्रजीत सिंह गिल, केवल कृष्ण, शाम लाल, राजेंद्र कुमार, रोशन लाल, अशोक कुमार, बाबू राम, कुलवंत बोहत, सुरेश कुमार के अलावा अन्य यूनियन सदस्य हाजिर थे।
मामले को सुलझाने का किया जा रहा प्रयास : एसडीएम
एसडीएम सुरेंद्र कौर से बातचीत करने पर उन्होंने कहा कि मसले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री जत्थेदार तोता सिंह से इनकी बैठक फिक्स करवाई गई है।