जमीन विवाद में अपनों ने ही अपाहिज को पीटा
संवाद सहयोगी, मोगा
गांव जीता सिंह वाला के 70 वर्षीय अपाहिज व्यक्ति की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन साल पहले अधरंग के अटेक से शरीर के हिस्से ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद सड़क हादसे में दूसरी टांग टूट गई, लेकिन अब जमीनी विवाद के चलते उसके भाई व भतीजों ने सोमवार देर शाम उस पर तरस न खाते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। बाघापुराना पुलिस ने घायल व्यक्ति के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जोरों सिंह पुत्र टहल सिंह ने बताया कि उसे तीन साल पहले अधरंग का अटेक हो गया था। जिसके चलते उसके शरीर के एक हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। जबकि कुछ महीने पहले हुए सड़क हादसे में दूसरी टांग ने काम करना बंद कर दिया था। इस के उपरांत उसने अपनी एक कनाल सात मरले जमीन दो साल के लिया 2012, 2013 भाई व भतीजों को ठेके पर दे दी थी। इस दौरान उसके रिश्तेदारों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया। इस संबंध में उसने पंचायत में इंसाफ की गुहार लगाई थी। जिस पर पंचायत ने विवादित जमीन का निपटारा होने तक दोनों पक्षों को जमीन में जाने से रोक दिया था। इसके बावजूद उसका भाई व भतीजे सोमवार की शाम को उस विवादित जमीन में पहुंच गए। पता चलने पर वह अपनी ट्राई साइकिल से वहां पहुंचा तो उक्त लोगों ने उस पर किरच से हमला कर घायल कर दिया। घायल को उसके परिजनों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।