विदेश के नाम पर युवक से पौने पांच लाख ठगे
संस, मोगा
विदेश (जोर्जिया) की कंपनी में पक्की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक चार लाख 70 हजार की ठगी का शिकार हुआ। पुलिस ने जांच के उपरांत दो भाइयों के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। एएसआइ गमदूर सिंह ने बताया कि जीरा रोड गली नंबर छह निवासी कुलजीत सिंह ने पुलिस बयान में आरोप लगाया कि वर्ष 2013 में उसने जोर्जिया जाने के लिए मोगा के हाकम का अगवाड़ निवासी विनोद कुमार उर्फ बिन्नी, सतीश कुमार उर्फ रोहित दोनों भाइयों के साथ सौदा तय किया था। उक्त लोग उसे जोर्जिया की कंपनी में पक्के तौर पर सेटल करने के लिए चार लाख 70 हजार रुपये दिए। इसके बाद वह जोर्जिया पहुंच गया, लेकिन उक्त लोगों ने उसके वहां पहुंचने पर कोई बात नहीं सुनी। जिसके चलते वह कुछ दिनों बाद वहां से वापस लौट आया। इसके बाद उसने 24 जुलाई 2013 को एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी। एक साल तक चली जांच के बाद पुलिस ने आरोप सही पाए जाने पर हाकम का अगवाड़ निवासी विनोद कुमार उर्फ बिन्नी, सतीश कुमार उर्फ रोहित दोनों पुत्र विजय कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।