बाजारों में त्योहारों के चलते बढ़ी रौनक
जासं, मानसा आज धनतेरस और उसके बाद दीपावली व भैयादूज समेत अन्य त्योहारों के चलते बाजारों में रौन
जासं, मानसा
आज धनतेरस और उसके बाद दीपावली व भैयादूज समेत अन्य त्योहारों के चलते बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खास तौर पर दीपोत्सव पर लक्ष्मी जी के आगमन के लिए घरों व दुकानों को रंगरोगन कर सजाने का सिलसिला जारी है। हालांकि इस बार बाजार में किसी स्टाल पर फिलहाल चायनीज सामान नजर नहीं आ रहा, लेकिन दीपावली को लेकर बाजार में दुकानों पर तरह-तरह का सजावटी सामान उपलब्ध है।
दीपावली से पूर्व घरों व दुकानों पर साफ सफाई की जाती है तथा दिवाली पर मां लक्ष्मी का पूजन किया जाता है। मां लक्ष्मी जी के आगमन के लिए लोग अपने घरों व दुकानों को खूब सजाते संवारते हैं। इसी क्रम में दीपावली को भुनाने के लिए दुकानदारों ने भी पूरी तैयारी कर ली है। ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के सजावटी सामान के स्टाल सज गए हैं। लोगों द्वारा भी घरों व दुकानों में साफ-सफाई करने के बाद सुंदर ढंग से सजावट की तैयारी में खरीदारी की जा रही है। मां लक्ष्मी के पूजन के लिए दीप जलाने वाली थाली, रंगीन दीये तथा दीपोत्सव से जुड़ा अन्य सामान भी उपलब्ध है। सभी तरफ लोग त्योहारों की तैयारियों में जुटे नजर आ रहे है। जिसके चलते शहर में चहल कदमी बढ़ने लगी है। लोग दीपावली तथा आगामी समय में आ रहे अन्य त्योहार से संबंधित सामान की खरीद फरोख्त करने में जुटे हुए है। धनतेरस पर सोने एवं चांदी की खरीददारी को अत्यंत शुभ माना जाता है। इसलिए प्रत्येक परिवार इस मान्यता के चलते कोई न कोई सोने एवं चांदी की वस्तु खरीदने को तरजीह देता है जिसके मद्देनजर ज्वैलरी शॉप मालिकों ने भी विशेष तैयारी की है।