हॉकी कप्तान सरदार सिंह के खिलाफ शिकायत करने वाली युवती को समन
भारतीय हाॅकी कप्तान सरदार सिंह पर यौन शोषण और गर्भपात कराने का आरोप लगाने वाली ब्रिटिश महिला हॉकी खिलाडी़ को समन जारी किया गया है। एसआइटी ने उसे अपना बयान दर्ज कराने को कहा है। इसके बाद सरदार सिंह को समन जारी किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह पर यौन शोषण तथा जबरन गर्भपात कराने के आरोप लगाने वाली ब्रिटिश युवती को एसआइटी ने समन जारी किया है। युवती ब्रिटेन जा चुकी है। पुलिस ने उसे बयान दर्ज कराने को कहा है। युवती के बयान दर्ज कराने के बाद सरदार सिंह काे बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया जाएगा।
पढ़ें : हॉकी कप्तान सरदार सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
मामले की जांच के लिए गठित एसआइटी का नेतृत्व कर रहे एडीसीपी सतबीर सिंह अटवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता युवती वापस इंग्लैंड जा चुकी है। उसे भेजे सम्मन में लिखा गया है कि लुधियाना में उसका वकील या फिर कोई भी जानकार हलफिया बयान देकर उसकी तरफ से सोमवार के बाद किसी भी दिन अपने बयान दर्ज करा सकता है। इससे मामले में सभी बातों के बारे में जानकारी लेकर एसआइटी जांच का काम शुरू कर सकेगी।
पढ़ें : सरदार सिंह मुसीबत में, पूर्व गर्ल फ्रेंड ने लगाया यौन शोषण का आरोप
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज करने के बाद सरदार सिंह को समन भेजकर उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। जांच में आरोप साबित होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि भारतीय मूल की ब्रिटिश महिला हॉकी खिलाड़ी ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह पर यौन शोषण तथा जबरन गर्भपात के आरोप लगाए थे। इस पर पुलिस कमिश्नर पीएस उमरानंगल ने एसआइटी बनाकर जांच के निर्देश दिए। एसआइटी में एडीसीपी-4 सतबीर अटवाल, एसीपी गुरप्रीत पुरेवाल और थाना कूमकलां के एसएचओ सुरजीत सिंह नागरा शामिल हैं।
पढ़ें : सरदार सिंह ने ब्रिटिश युवती के आरोपों को नकारा, कहा- सिर्फ अच्छी दोस्ती थी
पिछले सोमवार कमिश्नर पुलिस को दी शिकायत में ब्रिटेन अंडर-19 हॉकी खिलाड़ी रही युवती बताया था कि वह लीड्स की रहने वाली है। मूल रूप से उसका परिवार हरियाणा के सिरसा क्षेत्र से ही है। सरदार सिंह के साथ उसकी मुलाकात इंग्लैंड में 2012 को लंदन ओलंपिक के दौरान हुई थी। जहां उसने उसे प्रोपोज किया था। उसके बाद दोनों भैणी साहिब में मिले। वहीं सरदार सिंह ने उसके साथ शादी का वादा करते हुए सगाई की थी।
----------
मामा के घर में किया था दुष्कर्म
युवती ने शिकायत में बताया था कि कूमकलां इलाके में सरदार सिंह के मामा का घर है। सरदार सिंह ने उनके घर में उसके साथ दुष्कर्म किया। वह गर्भवती हुई तो उसकी मर्जी के विरुद्ध जबरन उसका गर्भपात कराया गया। इसके बाद सरदार सिंह ने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। बाद में उसने शादी करने से भी इंकार कर दिया। इस वजह से वह इन दिनों मानसिक तनाव में है।