Ludhiana Weather: रूपनगर रहा सबसे ठंडा, पंजाब में 29 जनवरी तक आंधी व तेज बारिश के आसार
पंजाब में सोमवार को रूपनगर सबसे अधिक ठंडा रहा। रूपनगर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 पटियाला में 5.9 होशियारपुर में 6.0 अमृतसर में 7.6 जालंधर में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लुधियाना, जागरण संवाददाता : पंजाब में सोमवार को रूपनगर सबसे अधिक ठंडा रहा। रूपनगर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 5.5, पटियाला में 5.9, होशियारपुर में 6.0, अमृतसर में 7.6, जालंधर में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में 29 जनवरी तक आंधी व वर्षा के आसार हैं।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार मंगलवार से वीरवार तक पंजाब के कई जिलों में तेज हवाएं व गरज के साथ छींटे पड़ने व हल्की वर्षा की संभावना है। इसके बाद 28 जनवरी से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव दो दिनों तक रहेगा। इस दौरान भी वर्षा, व ओलावृष्टि के आसार हैं।
पहाड़ों में आज से वर्षा और भारी हिमपात के आसार
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मंगलवार से एकबार फिर वर्षा और भारी हिमपात का दौर शुरू होने की संभावना है। उत्तराखंड में मंगलवार 24 जनवरी से 26 जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा व पहाड़ों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी होने की संभावना है। सोमवार देर शाम से देहरादून समेत कई जनपदों में गहरे बादल छाए हैं।
जम्मू-कश्मीर में भी 27 जनवरी तक और हिमाचल प्रदेश में भी दो दिन आंधी, ओलावृष्टि के साथ हिमपात होने का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार और बुधवार को हिमाचल में वर्षा और हिमपात हो सकता है।