दो साढ़ुओं ने तीसरे को तीसरी मंजिल से फेंका, मौत
जासं, लुधियाना बस्ती जोधेवाल के न्यू कुलदीप नगर में शराब के नशे में हुई बहस के दौरान दो साढ़ुओं ने
जासं, लुधियाना
बस्ती जोधेवाल के न्यू कुलदीप नगर में शराब के नशे में हुई बहस के दौरान दो साढ़ुओं ने कथित तौर पर तीसरे साढ़ू कुलदीप नगर की गली नंबर एक निवासी मो. यानीफ अंसारी (50) को छत से फेंक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शोर सुन लोगों को जमा होते देख दोनों आरोपी मौके पर फरार हो गए। घटना का पता चलने पर पहुंची थाना दरेसी की सुंदर नगर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
चौकी इंचार्ज कुलवंत चंद ने बताया कि यानीफ अंसारी मूल रूप से सीतामढ़ी (बिहार) के थाना व गांव खड़का का रहने वाला था। उसकी हत्या के आरोप में नामजद किए गए आरोपी मो. अख्तर अंसारी तथा मो. जाफिद अंसारी हैं। वे दोनों भी कुलदीप नगर की गली नंबर एक में रहते हैं। पुलिस ने कुलदीप नगर निवासी सनाउल्लाह की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या के आरोप में पर्चा दर्ज किया। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि वह यहां मकसूदन अंसारी के मकान में किराये पर रहता है। उसकी साथ वाली इमारत में सलीम की फैक्ट्री है। शनिवार रात दस बजे तीनों लोग उसकी तीसरी मंजिल पर बैठ कर शराब पी रहे थे। कुछ समय बाद तीनों सो गए।
तड़के करीब तीन बजे शोर शराबा सुन कर सनाउल्लाह की नींद खुली। वह अभी बाहर निकल कर देखने की सोच ही रहा था कि अचानक उसके बरामदे में किसी चीज के गिरने की जोरदार आवाज आई। उसने कमरे से बाहर लाइट जला कर देखा तो फर्श पर यानीफ अंसारी का शव पड़ा था। उसने ऊपर की तरफ देखा तो दोनों आरोपी नीचे की तरफ झांकते हुए नजर आए। यह सब देख कर सनाउल्लाह घबरा गया और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुन कर जमा हुए लोगों को देख कर दोनों आरोपी फरार हो गए।
कुलवंत चंद ने बताया कि तड़के तीनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। उसे नीचे फेंका गया है, या फिर हाथापाई के दौरान वह नीचे आ गिरा। इन सब बातों का पता तो दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चलेगा। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है। यानीफ के चार बेटे हैं। जिनमें से दो शादीशुदा और दो कुंवारे हैं। डॉक्टरों का बोर्ड सोमवार शव का पोस्टमार्टम करेगा।