पंजाब में मोदी की लहर गुल, कांग्रेसी जीतेगी सभी 13 सीटें: भट्ठल
जागरण संवाददाता, लुधियाना
कांग्रेस नेत्री व लोकसभा चुनाव प्रचार कमेटी की प्रदेश चेयरपर्सन राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा है कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लहर गुल हो गई है। अकाली -भाजपा गठबंधन सरकार की नीतियों से आज पंजाब के लोगों में आक्रोश फैला हुआ है। इस वजह से अकाली-भाजपा सरकार के मंत्री तथा विधायक लोगों को सामना नहीं कर पा रहे हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा कुछ देरी से जरूर की गई। मगर लोग कांग्रेस को खुलकर सहयोग दे रहे हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस लोकसभा की सभी 13 सीटें जीतेगी और केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
भट्ठल रविवार को लुधियाना में कांग्रेसी उम्मीदवार रवनीत बिट्टू के हक में चुनाव प्रचार करने आई थी। इस बीच साउथ मॉडल ग्राम में कांग्रेसी नेता कुलवंत सिंह के निवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजिदंर कौर भट्ठल ने बताया कि कांग्रेस पंजाब में नशा, इंडस्ट्री व व्यापार पर आए दिन लग रहे टैक्स व प्रॉपर्टी टैक्स तथा रेत-बजरी पर अकालियों के कब्जे से आम लोगों को रेत बजरी न मिलने जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। राज्य के लोग प्रॉपर्टी टैक्स लगाए जाने तथा राज्य में रेत और बजरी नहीं मिलने से सख्त नाराज हैं। उद्योगपति व कारोबारी रो रहे हैं। बेहाल परेशान लोगों ने अकाली-भाजपा से हाय तौबा कर ली है। भट्ठल ने कहा कि अकाली -भाजपा की लोकसभा चुनावों में करारी हार होगी। उन्होंने दावा किया अकालियों की 2017 के विधानसभा चुनावों में भी करारी हार होगी। लोकसभा चुनाव में उसे ट्रेलर देखने को मिल जाएगा। भट्ठल ने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अमृतसर में भाजपा नेता अरुण जेटली को भी फंसा लिया है। जेटली की हार वहां निश्चित है। वहां पंजाब का पुत्र कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव लड़ रहा है। जेटली उनका सामना नहीं कर पाएंगे। आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा के खुद को मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र है कोई भी अपने विचार रख सकता है, लेकिन अंतिम फैसला हाईकमान करती है।
चुनाव आयोग बाबत कहा कि चुनाव आयोग पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाए हुए है। बरनाला मंडी में सोनिया को रैली करने की इजाजत नहीं दी जा रही है जबकि मुख्यमंत्री बादल को रैली करने दी गई। इस संबंध में उन्होंने पंजाब के चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के पंजाब में प्रचार करने पर कहा कि सोनिया व राहुल को पत्र लिख कर यहां रैली करने का आग्रह किया गया है। सोनिया 24 अप्रैल को पंजाब में रैली के लिए आ रही है। आप के संबंध में भट्ठल ने कहा कि लोगों को आप तथा अरविंद केजरीवाल पर भरोसा उठ गया है।