मेयर और एसई ताईवान रवाना, निगम कमिश्नर को नहीं मिली मंजूरी
जागरण संवाददाता, जालंधर : ताईवान के शहर ताईपे में मंगलवार से शुरू हो रहे वर्ल्ड स्मार्ट सिटी एक्
जागरण संवाददाता, जालंधर : ताईवान के शहर ताईपे में मंगलवार से शुरू हो रहे वर्ल्ड स्मार्ट सिटी एक्सपो के लिए सोमवार को मेयर सुनील ज्योति व निगम के एसई कुलविंदर सिंह रवाना हो गए। निगम कमिश्नर गुरप्रीत खैहरा को आखिर तक मंजूरी नहीं मिल पाई, जिसकी वजह से उनका ताईवान दौरा रद हो गया। निगम कमिश्नर को मंजूरी के लिए रविवार देर शाम तक प्रयास होते रहे, लेकिन आखिरकार उनकी फाइल क्लीयर नहीं हो पाई। इसके बाद मेयर सुनील ज्योति और निगम के एसई कुलविंदर सिंह सोमवार को ताईवान के लिए रवाना हुए। मंगलवार को ताइपे में एशिया पैसेफिक के 47 देशों का स्मार्ट सिटी एक्सपो शुरू होगा। एक्सपो में इन देशों की स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। पंजाब से सिर्फ जालंधर निगम को ही एक्सपो के लिए निमंत्रण पत्र मिला था। ताईवान सरकार के साइंड एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट की तरफ से यह एक्सपो करवाई जा रही है।
यह है एक्सपो का मकसद
यह एक्सपो दुनिया की स्मार्ट सिटीज के निर्माण में पेश आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित किया जा रहा है। कई कंपनियां अपने उत्पाद यहां प्रदर्शित करेंगी। कई देशों के एक्सपर्ट स्मार्ट सिटी पर अपने विचार रखेंगे। ग्रीन सॉल्यूशन (पर्यावरण) पर फोकस रहेगा, जिसमें पैरिस पैक्ट के तहत स्मार्ट सिटीज के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।