माल्या को पकड़े, व्यापारियों को परेशान करना छोड़ केंद्र सरकार : केजरीवाल
कांग्रेस के कड़े विरोध के बीच आप संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अग्रवाल व वैश्य समाज के कार्यक्रम में पहुंचे। कहा सरकार व्यापारी वर्ग को तंग कर रही है।
जालंधर [वेब डेस्क]। आम आदमी पार्टी के कन्वीनर व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार आयकर विभाग के माध्यम से व्यापारियों को तंग कर रही है। अगर केंद्र सरकार को अपना आयकर का अपना टारगेट पूरा करना ही है तो विजय माल्या को पकड़कर लाओ। केजरीवाल यहां अग्रवाल व वैश्य समाज के न्यौते पर विक्टोरिया गार्डन में हो रहे सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे। उनके दौरे का कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया और केजरीवाल गो बैक के नारे लगाए। पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं को खदेड़ा।
केजरीवाल ने कहा कि उनका स्वास्थ्य खराब था। इसके बावजूद वह अग्रवाल समाज के न्यौते को टाल नहीं सके। उन्होंने दिल्ली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा जब से उनकी सरकार आई दिल्ली में व्यापारियों पर पड़ने वाले अनावश्यक छापों को बंद करवा दिया गया। व्यापारी वर्ग अब खुश है। दिल्ली में केवल सुबूत होने पर ही व्यापारी पर रेड मारने की इजाजत है।
केजरी ने कहा कि केंद्र सरकार को भी व्यापारियों को आइटी के नाम पर रेड मारनी बंद करनी चाहिए। अगर सरकार को टारगेट पूरा करना ही है तो विदेश भागे विजय माल्या को पकड़ लो। उन्होंने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, नशा व महंगाई मुख्य मुद्दे होंगे। उनकी सरकार आने पर पंजाब को पूरी तरह से नशामुक्त कर दिया जाएगा। व्यापार के लिए माहौल बनाया जाएगा। केजरीवाल ने यहां मीडिया से बात नहीं की और डेरा व्यास के लिए रवाना हो गए।
केजरीवाल के यहां पहुंचने से पूर्व कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल गो बैक के नारे लगाए। पुलिस ने कांग्रेस नेत्रियों को घेर दिया। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंजाब में केवल पंजाबी ही राज कर सकता है। बता दें, इससे पूर्व भी कांग्रेस पंजाब में केजरीवाल के दौरे का विरोध करती रही है।
जालंधर में केजरीवाल का विरोध करती कांग्रेस कार्यकर्ता।
उल्लेखनीय है कि इस बार अकाली-भाजपा को किनारे करके अग्रवाल व वैश्य समाज ने केजरीवाल को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया था। गत वर्ष समाज द्वारा सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल व सुरिंदर सिंगला को आमंत्रित किया गया था, लेकिन डिप्टी सीएम सुखबीर बादल का प्रोग्राम मित्तल ने बीच में सेट कर दिया गया था था। इसके चलते समाज में अंदरखाते रोष था। इस बार पहले से सम्मेलन को लेकर वितरित किए गए कार्डों पर सभी को यह जानकारी दे दी गई है कि केजरीवाल ही शिरकत करेंगे।
समाज ने कहा कि अब तक जितनी भी सरकारें आई हैं सभी ने अग्रवाल समाज की अनदेखी की है। समाज से जो भी लोग नेता बन गए हैं वे अकाली दल या भाजपा या कांग्रेस के हाथों की कठपुतली बन जाते हैं और समाज की तरफ कोई ध्यान नहीं देता है। विचार गोष्ठी में पूरे समाज का जो भी फैसला होगा उसे सभी मानेंगे। अंदरखाते इस सम्मेलन को लेकर सियासी दिग्गजों का मानना है कि केजरीवाल को आगामी विधानसभा चुनाव में समर्थन देने की रणनीति पहले ही तय की जा चुकी है।
अमृतसर में भी हुआ केजरी का विरोध
इससे पूर्व जब केजरीवाल अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे तो कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से एयरपोर्ट रोड पर मौजूद थे। उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस प्रधान ममता दत्ता की पुलिस की जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए। केजरीवाल हालांकि अमृतसर से जालंधर के लिए रवाना हो चुके थे, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर जमी थीं।
अमृतसर में केजरीवाल का विरोध करती कांग्रेस कार्यकर्ता।