चीनी पर लगा एंट्री टैक्स, बाजार में बढ़े दाम
संवाद सहयोगी, जालंधर : पंजाब में एक बार फिर से एंट्री टैक्स के नाम पर चीनी पर 11 प्रतिशत टैक्स लगा द
संवाद सहयोगी, जालंधर : पंजाब में एक बार फिर से एंट्री टैक्स के नाम पर चीनी पर 11 प्रतिशत टैक्स लगा दिया गया है, जिसका असर पहले ही दिन दामों पर पड़ गया। बाजार में सरकारी घोषणा के बाद 2700 रुपये प्रति क्विंटल बेची जा रही चीनी के दाम बढ़ाकर 2900 रुपये प्रति क्विंटल कर दिए गए। उधर, चीनी व्यापारियों में सरकार के इस फैसले के विरोध में रोष है।
वीरवार को चीनी व्यापारियों ने गुड़ मंडी नहोड़िया मंदिर में बैठक कर सरकार के इस फैसले को रोकने की अपील की। होलसेल शूगर डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण लाल अरोड़ा व कैशियर इन्द्र देव कपूर ने कहा कि सरकार का उक्त फैसला चीनी व्यापारियों के साथ धक्केशाही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पंजाब की निजी चीनी मिलों को लाभ पहुंचाने के लिए उक्त टैक्स लगाया है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी राज्य में चीनी पर एंट्री टैक्स नहीं है, लेकिन पंजाब के व्यापारियों के साथ दूसरी बार धक्केशाही करने की कोशिश की गई है। वहीं, राजीव मुंझाल व नरेश गुप्ता ने कहा कि पहले से खाद्य पदार्थो पर चल रहे महंगाई के इस दौर में टैक्स लगाने से इसे और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स लगने के बाद अन्य राज्यों से मंगवाई जा रही चीनी के दामों में 200 रुपये के करीब प्रति क्विंटल बढ़ोतरी हो जाएगी, जिसका लाभ पंजाब में चल रही मिलों को मिलेगा। कारण, वह पंजाब के अंदर होने के बावजूद चीनी के दाम बढ़ा देंगी। रजिंदर सेतिया हैप्पी व जोगिंदर सिंह अरोड़ा ने कहा कि चीनी पर एंट्री टैक्स लगाने से अफसरशाही हावी होगी। साथ ही अनाधिकृत रूप से पंजाब में प्रवेश बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उक्त फैसला जल्द वापस न लिया तो वह संघर्ष को विवश होंगे। इस मौके पर हरीश गुलाटी, गिरिश शर्मा, विनोद अरोड़ा, प्रेम कुमार धमीजा, दविंदर कुमार बिट्टू, रोशन लाल, उड़िक चंद, जोगिंदर पाल जैन, कृष्ण लाल सिक्का, सुरिंदर भाटिया, विनोद गगनेजा, गोपाल कृष्ण, मोहिंदरपाल, तेजिंदर सिंह, रजिंदर सिंह अरोड़ा, जोगिंदर सिंह गगनेजा, गोपाल अग्रवाल, नरेश कुमार गुप्ता, हरीश मागो व अन्य मौजूद थे।